जालंधर में आप विधायक के सुरक्षा कर्मी ने की आत्महत्या
चंडीगढ़, 2 जून । पंजाब में जालंधर दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र से आप विधायक शीतल अंगुराल के घर में गुरुवार को उस समय सनसनी फैल गई जब उनके सुरक्षा कर्मी ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। सुरक्षा कर्मी ने पारिवारिक कलह के चलते यह कदम उठाया है। जिस समय यह घटना हुई उस समय विधायक मंदिर गए हुए थे। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।
मैहतपुर का रहने वाला पवन कुमार जालंधर वेस्ट से विधायक शीतल अंगुराल की सुरक्षा में तैनात था। कुछ ही समय पहले उसकी शादी हुई थी। विधायक अंगुराल गुरुवार को परिवार के साथ बस्तियों में स्थित बाबा बालक नाथ मंदिर में गए थे। वहां मंदिर में कार्यक्रम और शोभायात्रा निकाली जानी थी।
विधायक मंदिर में माथा टेकने के बाद शोभायात्रा में शिरकत करने वाले थे। इसी दौरान पता चला कि सुरक्षा कर्मी ने गोली मारकर आत्महत्या कर ली है। घटना के समय पवन कुमार घर पर अकेला था। विधायक जब घर से परिवार के साथ मंदिर निकले तो अन्य सुरक्षा कर्मी तो उनके साथ चले गए, लेकिन पवन घर पर ही रह गया था।
पुलिस द्वारा की गई प्रारंभिक जांच में पता चला है कि सुरक्षा कर्मी के घर में कोई विवाद चल रहा था। जिसके चलते उसने यह कदम उठाया। पुलिस ने मामला दर्ज करके अगली कार्रवाई शुरू कर दी है।