आप ने पंजाब के राज्यपाल पर साधा निशाना
नई दिल्ली, 24 सितंबर। आम आदमी पार्टी (आप) ने पंजाब के राज्यपाल बनवारीलाल पुरोहित द्वारा विधानसभा सत्र के विधायी कार्यों का ब्योरा मांगे जाने पर आपत्ति जताते हुए कहा कि देश में 75 साल में कभी नहीं देखा कि कोई राज्यपाल कह रहा है ‘पहले मुझे लिस्ट ऑफ बिजनेस दिखाओ। उसके बाद पंजाब विधानसभा का सत्र बुला सकते हो।
आप के वरिष्ठ नेता सौरभ भारद्वाज ने शनिवार को पार्टी मुख्यालय में प्रेस वार्ता में कहा कि दिल्ली के उपराज्यपाल के बाद अब पंजाब के राज्यपाल आम आदमी पार्टी की सरकार के काम में टांग अड़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा की केंद्र सरकार द्वारा नियुक्त एलजी-राज्यपाल का व्यवहार प्रजातंत्र की मर्यादा के खिलाफ है। इस तरीके से प्रजातंत्र खत्म हो जाएगा।
भारद्वाज ने कहा कि देश में 75 साल में कभी नहीं देखा कि कोई राज्यपाल कह रहा है ‘पहले मुझे लिस्ट ऑफ बिजनेस दिखाओ। उसके बाद पंजाब विधानसभा का सत्र बुला सकते हो। दिल्ली में जब से अरविंद केजरीवाल मुख्यमंत्री बने हैं तब से एलजी ने हर चीज में टांग अड़ानी शुरू की। 2014 से पहले ऐसा नहीं था।
उन्होंने कहा कि वह बहुत हैरान हैं कि गवर्नर जैसे संवैधानिक पद पर बहुत सारे सलाहकार होते हैं। गवर्नर हाउस के अंदर पुराने अफसर होते हैं जो बताते हैं कि गवर्नर की क्या भूमिका है ? गवर्नर की क्या लक्ष्मण रेखा है? दिल्ली में जब से अरविंद केजरीवाल मुख्यमंत्री बने हैं तब से एलजी ने हर चीज में टांग अड़ानी शुरू की है। उस पर भाजपा कहती थी कि यह दिल्ली पूरा राज्य नहीं है। जबकि दिल्ली 2014 से पहले भी पूरा राज्य नहीं था। मगर एलजी इस तरीके से हर चीज के अंदर टांग नहीं अड़ाया करते थे। हर चीज के अंदर चुनी हुई सरकार के काम नहीं रोका करते थे।
भारद्वाज ने कहा कि हमने देखा दिल्ली में मोहल्ला क्लीनिक, सीसीटीवी लगाने सहित कोई काम दिल्ली सरकार को करना हो हर चीज में एलजी ने टांग अड़ाई है। यानी कि भाजपा की केंद्र सरकार ने टांग अड़ाई। आज पंजाब के राज्यपाल हर काम में टांग अड़ा रहे हैं, जोकि पूरे तरीके से प्रजातंत्र की मर्यादा के खिलाफ है। इस तरीके से प्रजातंत्र खत्म हो जाएगा।