दिल्ली

पूरी दिल्ली में भाजपा के पार्षद करवा रहे अवैध निर्माण और दे रहे अवैध लाइसेंस- आतिशी

नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी की वरिष्ठ नेता एवं विधायक आतिशी ने आज प्रेस वार्ता को करते हुए कहा कि दिल्ली में 13 मई को एक बहुत बड़ी त्रासदी हुई। मुंडका की एक इमारत में आग लगी और 27 लोगों ने अपनी जान गंवा दी। 27 लोगों में से सिर्फ आठ लोगों की पहचान हो पाई है। पूरी दिल्ली और पूरा देश जानना चाहता है कि इतनी बड़ी त्रासदी के लिए कौन जिम्मेदार है। ऐसा कैसे हो जाता है कि इतना अवैध निर्माण हो जाता है और व्यावसायिक गतिविधि संचालित होती है। इसके बावजूद कोई सवाल पूछने और कार्रवाई करने नहीं आता है।

उन्होंने कहा कि मुंडका की जिस इमारत में आग लगी वह लाल डोरा की एक्सटेंशन में जमीन थी। लाल डोरा की एक्सटेंशन में कोई भी व्यावसायिक गतिविधि संचालित करने की कानून के अनुसार अनुमति नहीं मिलती है। मुंडका की इस इमारत में कमर्शियल गतिविधि कैसे चल चल रही थी और किसने अनुमति दी थी। जिसकी वजह से 27 लोगों की जान चली गई। इस सवाल का जवाब हर दिल्ली वाले के पास है कि वहां पर अवैध निर्माण किसने करवाया ? वहां पर अवैध निर्माण और व्यावसायिक गतिविधि संचालित करने की अनुमति किसने दी? क्योंकि पूरी दिल्ली में अवैध काम करवाने वाले भारतीय जनता पार्टी के नेता और भाजपा के पार्षद हैं।

पूरी दिल्ली में आज अवैध निर्माण होता है तो भारतीय जनता पार्टी के पार्षदों के आशीर्वाद के साथ होता है।

दस्तावेज पेश करते हुए विधायक आतिशी ने कहा कि मुंडका की इस इमारत को उत्तर दिल्ली नगर निगम ने व्यावसायिक गतिविधि करने की अनुमति दी। इस इमारत के मालिक मनीष लाकड़ा को व्यावसायिक गतिविधि चलाने के लिए लाइसेंस दिया गया।

भारतीय जनता पार्टी से पूछना चाहती हूं जब कानून कहता है कि लाल डोरा एक्सटेंशन में कमर्शियल गतिविधि संचालित नहीं हो सकती तो यह लाइसेंस मनीष लाकड़ा को कैसे मिला? क्योंकि भारतीय जनता पार्टी के पास दो ही काम हैं पहला दिल्ली के लोगों से अवैध वसूली करना और दूसरा अपनी पार्टी के गुंडों-लफंगों को हर तरह से बचाना और समर्थन करना।

उन्होंने कहा कि इस इमारत के मालिक मनीष लाकड़ा भारतीय जनता पार्टी के नेता हैं। भाजपा नेता साहिब सिंह वर्मा के चाचा के साथ वह कैंपेन में दिख रहे हैं। मनीष लाकड़ा ने भारतीय जनता पार्टी का पटका पहना हुआ है। यह स्पष्ट है कि गैरकानूनी तरीके से मुंडका की इस इमारत में कमर्शियल गतिविधि चलाने का लाइसेंस भारतीय जनता पार्टी ने अपने नेता को दिया।

अगर आज पूरी दिल्ली में देखने जाएंगे तो इस प्रकार के अवैध लाइसेंस अपने नेताओं, गुंडों और भाजपा के पार्षदों ने अवैध वसूली करके पूरी दिल्ली में बांटे हुए हैं। अगर दिल्ली में किसी भी इमारत में आग लग जाती है तो उसके लिए कौन जिम्मेदार होगा? अगर आज दिल्ली में कोई भी इमारत गिर जाती है, क्योंकि वहां पर अवैध निर्माण हुआ तो उसके लिए कौन जिम्मेदार होगा? उसके लिए सिर्फ भाजपा जिम्मेदार होगी। पिछले 15 साल से एमसीडी में भाजपा शासन कर रही है। दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी हर प्रकार की अवैध गतिविधि उगाही और, जेब भरकर कर रही है।

उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी आज इस बात की जांच की मांग करती है कि लालडोरा एक्सटेंशन में भारतीय जनता पार्टी की नगर निगम ने व्यावसायिक गतिविधि करने का लाइसेंस कैसे दिया? भाजपा की नगर निगम ने इस प्रकार के कितने अवैध लाइसेंस दिए हुए हैं जो पूरी दिल्ली के लोगों की जान माल पर खतरा बने हुए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker