कैथल: हड़ताल के दूसरे दिन आढ़तियों ने शहर में किया प्रदर्शन
कैथल,20 सितंबर। सोमवार से हड़ताल पर चल रहे जिला कैथल की सभी मंडी के आढ़तियों ने मंगलवार को शहर में प्रदर्शन किया। आढ़तियों ने शहर के मुख्य चौराहों पर कुछ देर रुक कर अपनी मांगों के समर्थन में नारे लगाए। इसके बाद आढ़तियों ने विधायक लीलाराम के नाम उनके पीए राम कुमार नैन को ज्ञापन दिया। हड़ताल के कारण कैथल की मंडियों में दूसरे दिन भी खरीद नहीं हुई। मंगलवार को भी जिला की मंडियों में किसान धान लेकर नहीं पहुंचे। धान की खरीद ना होने से किसान परेशान है।
सुबह जिला की सभी मंडियों के आढ़ती कैथल की नई अनाज मंडी में एकत्र हुए और एक बैठक का आयोजन किया। बैठक की अध्यक्षता नई अनाज मंडी के प्रधान श्यामलाल नौच ने की। ऑल हरियाणा आढ़ती एसोसिएशन के उप प्रधान अश्विनी शोरेवाला ने कहा कि सरकार आढ़तियों की अनदेखी कर रही है और उनकी मांगों को नजरअंदाज कर रही है। जब तक उनकी मांगे नहीं मानी जाती तब तक हड़ताल जारी रहेगी। इसके बाद आढ़तियों ने नई अनाज मंडी में प्रदर्शन किया। जहां से वे प्रदर्शन करते हुए जाखौली, अड्डा पुराना बस स्टैंड होकर भी पेहवा चौक पहुंचे। पेहवा चौक पहुंच कर आढ़तियों ने जाम लगा दिया। जाम के दौरान आढ़तियों ने अपनी मांगों के समर्थन में नारे लगाए। आढ़तियों के प्रदर्शन को देखते हुए पेहवा चौक और विधायक लीलाराम के आवास के बाहर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था।
प्रदर्शन में शामिल होने वाले आढ़ती नेता
प्रदर्शन में जिला अनाज मंडी आढ़ती एसोसिएशन के प्रधान अश्वनी शोरेवाला, नई अनाज मंडी प्रधान श्यामलाल नौच कैथल, पुरानी अनाज मंडी प्रधान श्याम बहादुर खुरानिया कैथल, अतिरिक्त अनाज मंडी प्रधान रघुवीर सिंह कैथल,मंडी चेयरमैन धर्मपाल कठवाड़ कैथल, बाबालदाना प्रधान विनोद जैन, राजौंद के प्रधान ईश्वर, राजौंद प्रधान महिपाल राणा, कलायत मंडी प्रधान सोहन लाल गर्ग, सीवन मंडी प्रधान विनोद कुमार, चीका मंडी प्रधान सतपाल जैन, पाई मंडी प्रधान कृष्ण लाल, ढाण्ड मंडी प्रधान रमेश कुमार, पूंडरी मंडी प्रधान सतीश हजवाना और ध्यान चंद ने हिस्सा लिया।