गृह मंत्री अमित शाह से बिहार को कई उम्मीदें : तेजस्वी यादव
पटना, 10 सितंबर। बिहार के उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव पिछले तीन दिनों से लगातार एक्शन में हैं। इस बीच वे दिल्ली जा पहुंचे हैं। उन्होंने वहां शनिवार को भाजपा पर जमकर हमला किया। तेजस्वी ने कहा कि नीतीश कुमार ने जो पहल किया है अब उसका प्रभाव दिख रहा है। विपक्षी पार्टियां एक साथ आ रही हैं। अब 2019 वाली गलती दोबारा नहीं होगी। एक बार जो गलती हुई, उसका खामियाजा पूरा देश भुगत रहा है।
देश की अर्थव्यवस्था पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा है कि आज देश की जो हालत हो गई है, वह जनता देख रही है। काम की बात करने की जगह बेकार की बात ज्यादा होती हैं। जिन मुद्दों पर बात होनी चाहिए उसे नजर अंदाज किया जाता है। अमित शाह के पटना दौरे पर तेजस्वी यादव ने कहा कि गृह मंत्री पटना आ रहे हैं तो बहुत अच्छी बात है। मैं चाहूंगा कि वो बिहार के लिए कुछ अच्छा करें। उनके बिहार आने पर तो मैं उनसे कई उम्मीद कर रहा हूं।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के दिल्ली से पटना लौटने के बाद उप मुख्यमंत्री भी दिल्ली रवाना हो गए। तेजस्वी के दिल्ली दौरे को भी राजनीति से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि, उन्होंने साफ तौर पर कहा है कि मैं यहां सियासी कारणों से नहीं बल्कि निजी काम से आया हूं।