अंतर्राष्ट्रीय

अमेरिकी सैन्य अधिकारी का दावा, यूक्रेन से युद्ध में हताहत हुए एक लाख से ज्यादा रूसी सैनिक

वाशिंगटन, 10 नवंबर। यूक्रेन पर रूसी हमले के साढ़े आठ महीने से अधिक समय बीत जाने के बाद भी दोनों देशों के बीच तनाव कम होने का नाम नहीं ले रहा है। इस युद्ध में यूक्रेन का नुकसान तो हो ही रहा है, रूस को भी इसकी भारी कीमत चुकानी पड़ रही है। अमेरिका के एक शीर्ष सैन्य अधिकारी का दावा है कि यूक्रेन से युद्ध में एक लाख से अधिक रूसी सैनिक हताहत हुए हैं।

यूक्रेन पर रूसी सेनाओं ने इसी वर्ष 24 फरवरी को हमला किया था। बीते साढ़े आठ महीने से अधिक समय से चल रहे युद्ध के दौरान रूस ने यूक्रेन के कई इलाकों पर कब्जा कर लिया है। यूक्रेन की सेना भी रूसी सेना को कड़ी टक्कर दे रही है। अब अमेरिकी सेना के शीर्ष अधिकारी जनरल मार्क मिले ने दावा किया है कि इस युद्ध में रूस के एक लाख से अधिक सैनिक या तो मारे गए हैं या जख्मी हुए हैं। उन्होंने आशंका जताई है कि यूक्रेन की सेना को भी इतना ही नुकसान हुआ होगा।

वैसे युद्ध में हताहतों के मामले में अमेरिकी सैन्य अधिकारी के इन आंकड़ों को पुष्ट नहीं माना जाता, किन्तु अब तक अमेरिकी आंकड़े ही सबसे सटीक व विश्वसनीय माने गए हैं। जनरल मिले ने यह भी दावा किया कि रूस या यूक्रेन यह युद्ध सैन्य तरीकों से नहीं जीत सकते। इस युद्ध को खत्म करने के लिए अन्य तरीके आजमाने की जरूरत है और उन तरीकों में बातचीत सर्वाधिक प्रभावी तरीका है।

अमेरिकी सैन्य अधिकारी की यह टिप्पणी उस समय आई है, जब रूस ने दक्षिणी यूक्रेन के खेरसान शहर से अपनी सेना हटाने का आदेश दिया है। खेरसान से रूसी सेना का पीछे हटना रूसी सैन्य अभियान के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।

वैसे यूक्रेन के अधिकारियों ने खेरसान से रूसी सेना के हटाने के फैसले पर कहा है कि उन्हें ऐसी उम्मीद नहीं थी। अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने रूस के पीछे हटने को यूक्रेनी रणनीति की जीत करार दिया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker