उत्तर प्रदेश

वाराणसी : विभाजन की विभीषिका पर भाजपा ने निकाला मौन जुलूस

-गोष्ठियों में बोले वक्ता, भारत वर्ष करोड़ों लोगों के बलिदान को हमेशा स्मरण करता रहेगा

वाराणसी,14 अगस्त। भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व के आह्वान पर रविवार शाम पार्टी के स्थानीय नेताओं ने महानगर अध्यक्ष के अगुवाई में मौन जुलूस निकाला।

विभाजन की विभीषिका स्मृति दिवस पर महानगर अध्यक्ष विद्यासागर राय के नेतृत्व में जिले के सभी मंडलों से मौन जुलूस निकाली गई। मौन जुलूस के बाद गोष्ठियों में वक्ताओं ने कहा कि पं. नेहरू के सत्ता लोभ में लाखों लोगों की बलि चढ़ी। देश के करोड़ों लोगों ने विभाजन की विभीषिका को झेला है। असहनीय यातनाएं व पीड़ाएं भोगी हैं। वक्ताओं ने कहा कि विभाजन विभीषिका दिवस स्मृति दिवस पर हम उन सभी को श्रद्धा व स्मरण करते हैं, जिन्होंने मानव इतिहास की सबसे बड़ी विभीषिका झेली है। इस त्रासदी के घाव बहुत गहरे हैं। वक्ताओं ने कहा कि भारत वर्ष उन करोड़ों लोगों के बलिदान को हमेशा स्मरण करेगा, जिन्होंने भारत की एकता व अखंडता के लिए अपने प्राणों की आहुति दी। कैंट मंडल की ओर से मंडल अध्यक्ष अभिषेक वर्मा गोपाल के नेतृत्व में रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर से तिलक प्रतिमा सिगरा तक मौन जुलूस निकाली गई।

इसी तरह महामना मंडल में मंडल अध्यक्ष जगन्नाथ ओझा के नेतृत्व में अस्सी चौराहा से सोनारपुरा चौराहा तक मौन जुलूस निकाली गई। श्यामा प्रसाद मुखर्जी मंडल में जितेंद्र यादव के नेतृत्व में लाल कुटिया व्यायामशाला नई बस्ती से गोदौलिया चौराहा तक मौन जुलूस यात्रा निकाली गई। मध्यमेश्वर मंडल में संदीप चौरसिया के नेतृत्व में जैतपुरा स्थित ज्वरहरेश्वर महादेव मंदिर से डीएवी कॉलेज तक मौन जुलूस निकाली गई। काशी विश्वनाथ मंडल में मंडल अध्यक्ष नलिन नयन मिश्र के नेतृत्व में गोलघर से मौन जुलूस निकाली गई। बागेश्वरी मंडल में मंडल अध्यक्ष सिद्धनाथ शर्मा के नेतृत्व में मलदहिया स्थित पटेल चौराहा से तेलिया बाग स्थित पटेल धर्मशाला तक मौन जुलूस निकाली गई।

सारनाथ में मंडल अध्यक्ष अजीत सिंह के नेतृत्व में हुकूलगंज से पांडेयपुर बघवानाला तक मौन जुलूस निकाली गई। राजर्षि मंडल में रतन कुमार मौर्या के नेतृत्व में मंडल कार्यालय से राजर्षि प्रतिमा तक मौन जुलूस निकाली गई। दीनदयाल मंडल में मंडल अध्यक्ष गोपाल जी गुप्ता के नेतृत्व में पियरी पुलिस चौकी से लहुराबीर स्थित चंद्रशेखर आजाद पार्क तक मौन जुलूस निकाली गई।रविदास मंडल में शत्रुघ्न पटेल, रामनगर मंडल में अजय प्रताप सिंह, धूपचंडी मंडल में कमलेश सोनकर तथा छावनी मंडल में राम मनोहर द्विवेदी के नेतृत्व में मौन जुलूस निकाली गई।

जुलूस में क्षेत्रीय अध्यक्ष महेश चंद्र श्रीवास्तव, महानगर अध्यक्ष विद्यासागर राय, महापौर मृदुला जायसवाल, राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविंद्र जायसवाल, विधायक एवं पूर्व राज्यमंत्री डॉ नीलकंठ तिवारी, विधायक सौरभ श्रीवास्तव, प्रदीप अग्रहरि, राकेश शर्मा, डॉ अशोक राय, डॉक्टर सुनील मिश्रा, आत्मा विशेश्वर, डॉक्टर आलोक श्रीवास्तव, साधना वेदांती, डॉक्टर गीता शास्त्री, अभिषेक मिश्रा, इंजीनियर अशोक यादव, मधुकर चित्रांश, एडवोकेट अशोक जाटव, नवीन कपूर, जगदीश त्रिपाठी, अशोक पटेल, राहुल सिंह, मीडिया प्रभारी किशोर सेठ, डॉ अनुपम गुप्ता आदि शामिल रहे।

संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में विभाजन की विभीषिका विषयक संगोष्ठी

भारत विभाजन विभीषिका दिवस पर रविवार को संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन किया गया। संगोष्ठी की अध्यक्षता कुलपति प्रो. हरेराम त्रिपाठी ने की। गोष्ठी में कुलपति ने कहा कि देश स्वाधीनता का अमृत महोत्सव मना रहा है। किन्तु आज एक पीढ़ी ऐसी भी है जिसने विभाजन की विभीषिका को झेला है। प्रत्येक सजग राष्ट्र अपने इतिहास से शिक्षा लेकर पुरानी भूलों को फिर से न दुहराने का प्रबंध करता है। किसी ने कल्पना की थी कि बीजापुर और दिल्ली के क्रूर और अत्यंत शक्तिशाली इस्लामिक सत्ताओं को चुनौती देते हुए शिवाजी महाराज एक हिन्दू-मराठा साम्राज्य स्थपित कर सकेंगे ? किन्तु ऐसा हुआ। यहूदियों ने संकल्प किया तो सदियों संघर्ष के पश्चात उन्हें इजराइल मिला। लगभग पांच हजार वर्ष से जम्बू द्वीपे अखंड भारत विश्व बंधुत्व वाली प्राचीनतम संस्कृति का प्रतीक है।

कुलपति ने कहा कि हमारी संस्कृति में अनेकता मे एकता का भाव है। हम सभी लोग मिलकर एकता की भूमि का निर्माण करें जहां इर्ष्या,द्वेष से मुक्त समाज व राष्ट्र का निर्माण हो। जन-जन में आत्मीयता और राष्ट्रीयता का संचार हो। नयी पीढ़ी विभाजन के विभिषीका के दंश या परिणाम को समझ लें ऐसी परिस्थिति को जीवन वृत मे आने से रोके। गोष्ठी में आचार्य प्रो. राजनाथ ने कहा कि “यह दिन हमें भेदभाव, वैमनस्य और दुर्भावना के जहर को खत्म करने के लिए न केवल प्रेरित करेगा, बल्कि इससे एकता, सामाजिक सद्भाव और मानवीय संवेदनाएं भी मजबूत होंगी।संगोष्ठी में प्रो. हरि प्रसाद अधिकारी,प्रो शैलेश मिश्र,प्रो हिरक कांति चक्रवर्ती, प्रो राम किशोर त्रिपाठी एवं कुलसचिव केशलाल ने भी विचार रखा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker