अंतर्राष्ट्रीय

नैंसी पेलोसी को ताइवान का सर्वोच्च नागरिक सम्मान, चीन ने लगाए प्रतिबंध

ताइपे, 03 अगस्त। चीन की धमकियों को बेअसर साबित कर मंगलवार रात ताइवान पहुंचीं अमेरिकी प्रतिनिधि सभा की अध्यक्ष नैंसी पेलोसी को ताइवान के सर्वोच्च नागरिक सम्मान से सम्मानित किया गया है। ताइवान-अमेरिका की इन नजदीकियों से गुस्साए चीन ने ताइवान पर आर्थिक प्रतिबंध लगा दिये हैं।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमेरिकी प्रतिनिधि सभा की अध्यक्ष नैंसी पेलोसी मंगलवार रात 8:26 बजे मलेशिया से ताइवान पहुंचीं। एयरपोर्ट पर ताइवान की राष्ट्रपति साई इंग वेंन ने उनका स्वागत किया। बुधवार को ताइवान की संसद में पेलोसी के सम्मान में समारोह का आयोजन हुआ। ताइवान की राष्ट्रपति ने पेलोसी को ताइवान के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘ऑर्डर ऑफ प्रॉपिटियस क्लाउड्स विद स्पेशल ग्रैंड कॉर्डन’ से सम्मानित किया गया। सम्मान स्वीकार करते हुए पेलोसी ने कहा कि अमेरिका को ताइवान के साथ अपनी दोस्ती पर गर्व है। अमेरिका हर स्तर पर ताइवान का साथ देगा। पेलोसी ने कहा कि अमेरिका ताइवान के लोकतंत्र का समर्थन जारी रखेगा। ताइवान के ढाई करोड़ नागरिकों के साथ अमेरिका की एकजुटता आज पहले से कहीं अधिक अहम है, क्योंकि दुनिया निरंकुशता और लोकतंत्र के बीच एक विकल्प का सामना कर रही है।

इस बीच पेलोसी की ताइवान यात्रा से बौखलाया चीन ताइवान को हर तरह से परेशान करना चाहता है। चीन ने ताइवान पर आर्थिक प्रतिबंध लगाने शुरू कर दिए हैं। चीनी सरकार ने ताइवान को नेचुरल सैंड देने पर रोक लगा दी है। इससे ताइवान को काफी नुकसान हो सकता है। चीन ने ताइवान के 100 से ज्यादा फूड सप्लायर से आयात (इम्पोर्ट) पर प्रतिबंध लगाया था। पेलोसी के ताइवान पहुंचने से ठीक पहले ताइवान पर साइबर हमला कर राष्ट्रपति की वेबसाइट सहित सरकारी वेबसाइट्स हैक कर ली गयीं। ताइवान के प्रमुख ताइपे हवाई अड्डे को बम से उड़ाने की धमकी दी गई। चीन के युद्धक विमान ताइवान की सीमा के ऊपर उड़ान भरते नजर आए। चीन की नौसेना ने ताइवान के चारों तरफ युद्धपोत तैनात करके युद्ध अभ्यास किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker