राष्ट्रीय

भारत जोड़ो यात्रा के लिए बंगाल पहुंचे कांग्रेस नेताओं ने ममता पर बोला हमला

कोलकाता, 17 सितंबर। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के सिलसिले में पश्चिम बंगाल आए कांग्रेस के दो नेताओं जयराम रमेश और दिग्विजय सिंह ने शनिवार को कोलकाता में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इशारों-इशारों में ममता बनर्जी पर तीखा हमला बोला।

विधानभवन स्थित प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस में इन दोनों नेताओं ने कहा कि कई ऐसे लोग हैं जो विपक्ष को एकजुट करने के नाम पर गठबंधन कर कांग्रेस को कमजोर करने की कोशिश कर रहे हैं। ऐसे लोग पीठ में खंजर घोंपने का काम करते हैं। ऐसे लोग अपनी पार्टी के नाम के साथ कांग्रेस जोड़कर कांग्रेस को ही तोड़ने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन इसमें सफल नहीं हो पाएंगे।

जयराम रमेश ने कहा कि बेहतर होता कि कांग्रेस नाम का पेटेंट रखा जाता, ताकि कोई इससे बाहर निकलकर कांग्रेस के नाम का इस्तेमाल नहीं कर सके।

इसके अलावा जयराम रमेश ने लद्दाख में काउंसिलर चुनाव में कांग्रेस की जीत का जिक्र किया और कहा कि कांग्रेस एक बड़ी हाथी की तरह है, धीरे-धीरे चलती है लेकिन जब चलती है तो सही रास्ते पर चलती है। भारत जोड़ो यात्रा इसी का एक हिस्सा है। जो लोग कांग्रेस मुक्त भारत की बात करते हैं उनका सपना कभी पूरा नहीं होगा।

इसके बाद एक बार फिर ममता पर हमला बोलते हुए जयराम रमेश ने कहा कि कुछ लोग खुद को बड़े नेता समझने लगे हैं। विपक्षी एकजुटता की बात करते हैं लेकिन क्या कांग्रेस को छोड़कर कभी कोई भी विपक्षी एकजुटता हो सकती है। यह सब कुछ कांग्रेस को दुर्बल करने के लिए किया जाता है लेकिन इसमें किसी को भी सफलता नहीं मिलेगी।

गौरतलब है कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा प्रबंधन में उक्त दोनों नेता भी शामिल हैं। बंगाल में भी इस यात्रा के लिए अलग से आयोजन किया गया है।

इसी को लेकर जयराम रमेश ने कहा कि कुछ महीने के अंदर बंगाल में भी यात्रा शुरू होगी। 28 सितंबर को इसे लेकर बैठक होनी है। बंगाल से 100 लोग भारत जोड़ो यात्रा का हिस्सा बनेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker