तेलंगाना में सिर्फ ओवैसी और केसीआर परिवार की ही चलती है: किशन रेड्डी
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष संजय का दावा- अगली बार तेलंगाना में बनेगी भाजपा की डबल इंजन वाली सरकार
हैदराबाद, 3 जुलाई । तेलंगाना राज्य भाजपा की दो दिवसीय कार्यकारिणी बैठक में राज्य में नीलू (पानी), निधुलू (निधि) और नियमकलु (रोजगार) के मुद्दों पर जोर देने का निर्णय लिया गया। बैठक में पर कई प्रस्ताव पार्टी के उपाध्यक्ष डीके अरुणा ने प्रस्तुत किए। बैठक के बाद प्रदेश अध्यक्ष संजय बंदी ने राज्य में अगले चुनाव के बाद भाजपा की डबल इंजन वाली सरकार बनने का दावा किया।
राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक के मीडिया पॉइंट पर केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल, किशन रेड्डी और प्रदेश अध्यक्ष संजय ने पत्रकाराें से वार्ता कर तेलंगाना को लेकर पारित प्रस्तावों के बारे में बताया। केन्द्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि 8 वर्षों में टीआरएस सरकार ने लोगों की उम्मीदों पर पानी फेर दिया है। उन्होंने कहा कि राज्य भ्रष्टाचार का प्रतीक बन गया है। तेलंगाना में एक परिवार के व्यक्ति ही पूरी सरकार चला रहे हैं और इससे हर वर्ग दुखी है।
पत्रकार वार्ता के दौरान प्रदेश अध्यक्ष संजय बंदी ने कहा कि उनकी पार्टी ने हर उपचुनाव में जीत हासिल की है और हैदराबाद नगर निगम में भी प्रमुख विपक्षी पार्टी के रूप में उभर कर आई है। प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि अब तक वे तीन बार राज्य की जनता से संपर्क करने के लिए प्रजा संकल्प यात्रा की और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं को संगठित किया है। उन्होंने कहा कि राज्य की जनता का आशीर्वाद उन्हें प्राप्त है और अगली बार तेलंगाना में भाजपा की डबल इंजन वाली सरकार बनेगी।
केंद्रीय पर्यटन मंत्री किशन रेड्डी ने कहा है कि राजनीति में हर पार्टी को अपनी भूमिका निभाती है लेकिन तेलंगाना राज्य में सत्ता पक्ष राष्ट्रीय कार्यकारिणी में उनका कोई सहयोग नहीं दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि घटिया राजनीति के चलते भाजपा के पोस्टर बैनर भी हटा दिए गए। उन्होंने कहा कि राज्य में सिर्फ दो परिवार की हुकुमत चलती है। यह दो मजलिस पार्टी के असदुद्दीन ओवैसी परिवार और मुख्यमंत्री का कलवाकुंटला परिवार। उन्होंने आरोप लगाया है कि यह दोनों परिवार वाले राज्य को लूट रहे हैं।
केंद्रीय मंत्री किशन रेड्डी ने कहा कि शायद ऐसा मुख्यमंत्री देश में कहीं भी नहीं मिलेगा, जहां वास्तु दोष के बहाने आठ साल में एक दिन भी मुख्यमंत्री अपने सचिवालय नहीं गए। रेड्डी ने कहा राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक का प्रतिवाद करने के लिए अखबार में विज्ञापन दिए हैं और बैठक के दौरान ही राष्ट्रपति चुनाव में विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा को हैदराबाद आमंत्रित किया। उन्होंने कहा कि नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में अगली बार तेलंगाना राज्य में भी भाजपा की ही डबल इंजन वाली सरकार बनेगी।
इसी बीच भाजपा के वरिष्ठ नेता इटेला राजेंद्र ने आरोप लगाया कि प्रदेश में सत्तारूढ़ तेलंगाना राष्ट्र समिति की सरकार ने बीते 8 वर्ष में राज्य को 2.5 लाख करोड रुपये के कर्ज में फंसा दिया है। लेकिन इसके बाद भी राज्य में कोई विकास नहीं हुआ। राजेंद्र ने कालेश्वरम योजना के नाम पर बड़ी राशि खर्च करने और राज्य में कानून व्यवस्था बिगड़ने का आरोप लगाया।