डॉ. सुनील प्रसाद साथियों के साथ आम आदमी पार्टी में हुए शामिल
नई दिल्ली, 27 सितंबर। भाजपा शासित एमसीडी के कस्तूरबा गांधी अस्पताल के पूर्व अध्यक्ष डॉ. सुनील प्रसाद अपने सैंकड़ों साथियों के साथ आज आम आदमी पार्टी में शामिल हुए। आम आदमी पार्टी से राजेंद्र नगर के विधायक दुर्गेश पाठक ने टोपी और पटका पहनाकर सभी का पार्टी में स्वागत किया।
दुर्गेश पाठक ने कहा कि जब कोविड के दौरान भाजपा शासित एमसीडी ने अपने अस्पतालों के डॉक्टरों को तनख्वाह नहीं दी तो उन्होंने प्रदर्शन किया। जिस दौरान उन्हें जेल तक जाना पड़ा। पुलिस की गालियों से लेकर पुलिस की लाठियां खाने तक उन्हें बहुत कुछ सहना पड़ा। अपनी जान पर खेलकर लोगों का इलाज करने वाले डॉक्टरों में से ही एक डॉ. सुनील प्रसाद आज आम आदमी पार्टी का दामन थाम रहे हैं। वह एमसीडी के कस्तूरबा गांधी अस्पताल के रेजिडेंट्स डॉक्टर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष भी रहे हैं।
वह एमसीडी कर्मचारी संगठनों से भी जुड़े हुए हैं। पिछले कई वर्षों से वह डॉक्टरों की समस्याओं को लेकर भाजपा शासित एमसीडी के खिलाफ कई बड़े आनदोलन करते रहे हैं। आज हमारे साथ जुड़कर, एमसीडी में जो हमारी लड़ाई है उसको और मजबूत करना चाहते हैं। उनके सैंकड़ों साथी भी आम आदमी पार्टी में शामिल हो रहे हैं। डॉ. सुनील जी व उनके सभी साथियों का आम आदमी पार्टी में हार्दिक स्वागत है।
पार्टी की सदस्यता ग्रहण करते हुए डॉक्टर सुनील प्रसाद ने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की जो विचारधारा और काम करने की जो शैली है, उससे प्रभावित होकर आज वह पार्टी में शामिल हो रहे है। पार्टी में आने का एक ही मकसद है कि एमसीडी के जितने भी कर्मचारी हैं उन्हें समय पर तनख्वाह मिले और यह केवल तभी संभव होगा जब निगम में भी आम आदमी पार्टी की सरकार होगी।