गाजियाबादः रामलीला मेले में ब्रेक डांस झूला टूटा, एक ही परिवार के तीन सदस्यों समेत चार घायल
गाजियाबाद, 01अक्टूबर। शहर के सबसे पुराने घंटाघर रामलीला मैदान में लगे मेले में शुक्रवार देर रात एक ब्रेक डांस झूला टूट गया। इसमें एक ही परिवार के तीन सदस्यों समेत 4 लोग घायल हो गए। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
दरअसल, घंटाघर रामलीला मैदान में इन दिनों दशहरा के चलते मेला लगा हुआ है। जहां पर भारी संख्या में आसपास के लोग मेला देखने आते हैं। शुक्रवार की रात 11 बजे यहां पर ब्रेक डांस झूला चल रहा था। चलते-चलते झूला का एक कप टूट कर नीचे गिर गया। इसमें गिरधरपुर बिसरख गौतम बुधनगर निवासी निशा, उसका बेटा अवनीश एवं बेटी अवनी और कैलाश नगर निवासी चमन लाल की बेटी हेमा घायल हो गई। इस दौरान पूरे मेले में अफरा-तफरी मच गई। कमेटी के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल के चिकित्सक डॉक्टर एसपी सिंह ने बताया कि सभी घायलों को मामूली चोटें आई थीं। उन्हें प्राथमिक इलाज के बाद घर भेज दिया गया है।