बिहार

गुजरात वि.स. चुनाव 2022 : गुजरात में भाजपा की रिकॉर्ड जीत, लगातार 7वीं बार लहराया भगवा

अहमदाबाद, 8 दिसंबर। भारतीय जनता पार्टी ने गुजरात विधानसभा चुनाव में लगातार सातवीं बार जीत हासिल की है। राज्य में भाजपा अब तक 182 सीटों में से 152 सीट जीत चुकी है और चार पर आगे चल रही है। इसके साथ ही भाजपा ने राज्य विधानसभा चुनाव में अब तक सर्वाधिक सीटें जीतने का भी रिकॉर्ड बनाया है। इस चुनाव में राज्य में पहली बार आम आदमी पार्टी ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है। वहीं कांग्रेस का सबसे अधिक नुकसान हुआ है। इस चुनाव में कांग्रेस 16 और आम आदमी पार्टी (आप) ने पांच सीटों पर जीत दर्ज की है। इसके अलावा तीन अन्य लोगों ने जीत दर्ज की है। एक सीट पर समाजवादी पार्टी का उम्मीदवार भी जीता है।

राज्य विधानसभा चुनाव की मतगणना शुरू से शुरू हुई। गुजरात विधानसभा चुनाव में इस बार भाजपा की प्रचंड जीत हुई है। भाजपा ने दो तिहाई बहुमत से भी अधिक सीटें जीती हैं। भूपेन्द्र पटेल मंत्रिमंडल के 20 में से 19 मंत्री चुनाव जीतने में सफल हुए हैं। खबर लिखे जाने तक भाजपा 152 सीट जीत चुकी है और 4 पर आगे चल रही है। कांग्रेस 16 पर जीत चुकी और 1 पर आगे है। आम आदमी पार्टी 5 सीट जीत चुकी है। समाजवादी पार्टी ने 1 सीट पर जीत दर्ज की है। अन्य 3 सीटों पर निर्दलीय जीते हैं।

समाजवादी पार्टी के कांधल जाडेजा पोरबंदर जिले के कुतियाणा सीट से जीत गए हैं। वे राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी से टिकट न मिलने पर समाजवादी पार्टी के चुनाव चिह्न पर चुनाव मैदान में थे। इसके अलावा एआईएमआई एम के प्रमुख असादुदीन ओवैसी ने 13 सीटों पर उम्मीदवार खड़े किए थे, लेकिन उनमें से एक भी जीत नहीं पाए।

चुनाव मे पाटीदार आरक्षण आंदोलन के चेहरे हार्दिक पटेल और ओबीसी आंदोलन के नेता अल्पेश ठाकोर भी भाजपा की टिकट पर चुनाव जीतने में सफल रहे। मोरबी झूलता पुल कांड के बाद भी यहां से भाजपा के कांति अमृतिया चुनाव जीतने में सफल हुए हैं। वडोदरा के वाघोडिया सीट पर बाहुबली उम्मीदवार मधु श्रीवास्तव चुनाव हार गए हैं।

इस बार भाजपा को आदिवासी बाहुल्य क्षेत्रों में भी अच्छी सफलता मिली और जिन छह सीटों को वह आज तक नहीं जीत पाई थी, उस पर भी वह विजय पताका फहराने में सफल रही। भाजपा की इस प्रचंड जीत के बाद पूरे राज्य में भाजपा कार्यालयों पर जश्न शुरू हो गया। कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी के साथ ढोल नगाड़ों पर उत्सव मनाया। जीत के बाद मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल गांधीनगर स्थित प्रदेश कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष सीआर पाटिल को मिठाई खिलाकर मुंह मीठा कराया।

इस मौके पर अध्यक्ष पाटील और मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल ने पत्रकारों को बताया कि गुजरात में 12 दिसंबर को शपथ ग्रहण समारोह होगा और भूपेंद्र भाई पटेल ही मुख्यमंत्री बनेंगे। उन्होंने कहा कि 12 दिसंबर को दोपहर 2 बजे गुजरात के मुख्यमंत्री शपथ लेंगे और शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह शामिल होंगे। पाटिल ने कहा कि हम कांग्रेस को ही विपक्ष मानते हैं। कांग्रेस को सोचना चाहिए कि वो राष्ट्रीय पाट्री थी, वो खत्म हो रही है। आम आदमी पार्टी का यहां कुछ था नहीं। उनकी तरफ से इस तरह के वादे किए गए, जो जमीन पर नहीं उतर सकते हैं।

गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने कहा कि गुजरात विधानसभा चुनाव का जनादेश अब स्पष्ट हो चुका है, यहां की जनता ने मन बना लिया है कि दो दशक से चली आ रही गुजरात की इस विकास यात्रा को अविरत चालू रखना है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने सबका साथ सबका विकास का मंत्र दिया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker