हिसार: पर्याप्त फंड होने के बाद होंगे वर्क ऑर्डर जारी: निगम आयुक्त
विकास कार्यों बारे निगम आयुक्त ने अधिकारियों के साथ की बैठक
हिसार, 22 सितम्बर। नगर निगम आयुक्त प्रदीप दहिया ने कहा है कि निगम के पास पर्याप्त फंड होने की हालत में ही नये वर्क ऑर्डर जारी किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि ही हाल ही में निगम ने चार करोड़ से अधिक से वर्क ऑर्डर जारी किए हैं। वे गुरूवार को अपने कार्यालय में विकास कार्यों से संबंधित बैठक ले रहे थे।
बैठक में संयुक्त आयुक्त बेलिना, एसई आनंद स्वरूप, एक्सईएन जयवीर सिंह डूडी, संदीप धुंधवाल, व एसओ विक्रम सिंह उपस्थित रहे। बैठक में अधिकारियों ने एरिया वाइज चल रहे विकास कार्यों की रिपोर्ट दी वहीं एओ विक्रम सिंह ने निगम की वित्तीय स्थिति से अवगत कराया। निगमायुक्त प्रदीप दहिया ने कहा कि कर्मचारियों की सैलरी ग्रांट से दी जाती हैं जबकि विकास कार्य निगम फंड से करवाए जाते हैं। उन्होंने कहा कि जितना निगम फंड के पास था उसके अनुसार वर्क ऑर्डर जारी हो चुके हैं। शेष बचे वर्क ऑर्डर तब जारी होंगे जब निगम के पास पर्याप्त फंड होगा। जैसे ही इस फंड में पर्याप्त राशि आ जाएगी उसके साथ ही बचे वर्क ऑर्डर भी जारी कर दिए जाएंगे।
निगम आयुक्त ने कहा कि सरकार पहले ही कह चुकी है कि निगम अपनी आय से ही विकास कार्य करवाए, इसके लिए सरकार की तरफ से कोई वित्तीय मदद नहीं दी जाएगी। इस वित्त वर्ष में संपत्ति कर, विकास शुल्क व रजिस्ट्रेशन फीस आदि आने की बहुत उम्मीद है। सरकार द्वारा 31 दिसम्बर तक एकमुश्त भुगतान पर ब्याज पर शत-प्रतिशत छूट का नोटिफिकेशन जारी किया हैं। इससे शहर में विकास कार्य तेजी से होंगें। उन्होंने कहा कि निगम ने हाल ही में चार करोड़ रुपये से ज्यादा के वर्क ऑर्डर जारी किए हैं, इनमें से ज्यादातर का काम शुरु हो चुका है।