फतेहपुर: नरेन्द्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाने के लिए किसान और गरीब चुनाव लड़ता है-केशव प्रसाद मौर्य
-हर रोज रात्रि में अखिलेश को केशव, भाजपा, योगी व मोदी के आते हैं सपने
-आने वाले 25 साल तक सपा को नहीं मिलने वाली प्रदेश की बागडोर
-2024 के चुनाव में प्रदेश की 80 सीटों में 80 सीटें भाजपा मोदी जी को देश की बागडोर सौंपने का करेंगी कार्य
फतेहपुर, 11 सितम्बर। चुनाव में भाजपा लड़ती जरूर है, लेकिन नरेन्द्र मोदी को देश का प्रधानमंत्री बनाने के लिए गरीब, किसान, माताएं -बहनें व जनता चुनाव लड़ती हैं। यह बातें जनपद में दो दिवसीय दौरे पर आये उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने रविवार को विकास भवन में आयोजित एक प्रेस कांफ्रेंस के दौरान कही।
उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव की हालत बहुत खराब है। हर रोज रात्रि में केशव, भाजपा, योगी और मोदी के सपने में आते हैं। दिक्कत यह है कि मैं कोई डॉक्टर नहीं हूं, नहीं तो दवाई दे देता। सपा का आने वाले 25 साल तक कोई भविष्य नहीं है। प्रदेश की बागडोर सपा को नहीं मिलने वाली।
उन्होंने कहा कि साल 2024 के लोकसभा चुनाव में प्रदेश की 80 सीटों में से भाजपा सभी 80 सीटें जीतकर मोदी को देश की बागडोर देने का काम करेगी। प्रदेश की भाजपा सरकार भूमाफियाओं, गुण्डों व बदमाशों के खिलाफ सख्त है, कठोर कार्रवाई की जा रही और जायेगी। किसी को बख्शा नहीं जायेगा, चाहे वह किसी भी दल को हो। कांग्रेस के भारत जोड़ों यात्रा के सवाल पर उन्होंने कहा कि इस यात्रा के माध्यम से कांग्रेस अपने अस्तित्व को बचाने का संघर्ष कर रही है।