सेब का बकाया 36 लाख रुपये हड़पने में आंध्र प्रदेश से लदानी गिरफ्तार
शिमला
सेब खरीद का लाखों रुपये का भुगतान नहीं करने पर आंध्र प्रदेश के लदानी काे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस लदानी काे गिरफ्तार कर शिमला लाई है।
बताया गया कि शिमला के मतियाणा के सेब आढ़ती देवेंद्र केवला ने ठियोग में एफआईआर दर्ज कराई थी। केवला ने शिकायत में बताया था कि जुलाई 2021 में दीवानचेरुवु राजमुंदरी, जिला पूर्वी गोदावरी (आंध्र प्रदेश) के निवासी मोहन नामक एक लदानी ने उससे सेब खरीदे थे। उसकी दुकान दुर्गा भवानी फ्रूट्स कंपनी के नाम से है। मोहन ने अलग-अलग पंचायतों से 5673 सेब की पेटियां खरीदीं। इन सेब की पेटियों की कीमत 77 लाख 76 हजार 545 रुपए बनती है। लदानी महेश ने 41 लाख 2 हजार 500 रुपये का भुगतान किया, जबकि 36 लाख 74 हजार रुपये का भुगतान अभी तक नहीं किया है। इसके बाद पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास कर रही है। इस संबंध में एसपी शिमला माेनिका भंटुगरू ने बताया कि आंध्र प्रदेश के इस लदानी महेश काे गिरफ्तार कर लिया गया है। जल्द ही इसे काेर्ट में पेश किया जाएगा।
लदानियाें की इस सीजन में हाेगा वैरिफिकेशन
आढ़तियों और बागवानाें के साथ हाे रही ठगी के मामले में अब पुलिस ने कड़ी कार्रवाई करने का प्लान बनाया है। इस बार जुलाई से आने वाले सेब सीजन में बाहरी राज्य से आने वाले लदानियाें की पहले वैरिफिकेशन हाेगा ताकि वे किसी तरह की ठगी न कर सकें। बागवानों और सेब आढ़तियों के साथ हर सीजन में इस तरह की धोखाधड़ी होती है। बाहरी राज्य से लदानी आते हैं और सेब लेकर फरार हाे जाते हैं। लदानी बिहार, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, कर्नाटक से ऊपरी शिमला में सेब कारोबार करने आते हैं। वर्ष 2016 से लेकर अब तक लगभग 150 से अधिक आढ़तियों की पेमेंट नहीं हुई हैं। कई आढ़तियों के करोड़ों रुपये नहीं चुकाए गए हैं।