राष्ट्रीय

दुनिया के टॉप 10 रईसों की सूची में फिर शामिल हुए मुकेश अंबानी

– सबसे रईस व्यक्तियों की सूची में गौतम अडाणी अभी भी तीसरे नंबर पर

नई दिल्ली, 8 सितंबर। भारत समेत एशिया के दूसरे सबसे रईस उद्योगपति और रिलायंस ग्रुप के चेयरमैन मुकेश अंबानी एक बार फिर दुनिया के 10 सबसे रईस व्यक्तियों की सूची में शामिल हो गए हैं।

मुकेश अंबानी की व्यक्तिगत संपत्ति 91.4 अरब डॉलर के स्तर पर पहुंच गई है। दुनिया के टॉप 10 अमीरों की सूची में अंबानी के शामिल होने के साथ ही अब टॉप 10 में दो भारतीयों ने अपनी जगह पक्की कर ली है।

मुकेश अंबानी ने व्यक्तिगत संपत्ति के मामले में अमेरिकी उद्योगपति स्टीव बामर को पीछे छोड़ कर सूची में 10वें स्थान पर अपना नाम पक्का किया है। भारत समेत एशिया के सबसे अमीर कारोबारी और अडाणी ग्रुप के प्रमुख गौतम अडाणी पहले से ही दुनिया के सबसे रईस व्यक्तियों की सूची में तीसरे स्थान पर बने हुए हैं।

ब्लूमबर्ग बिलियनरीज इंडेक्स के ताजा आंकड़ों के मुताबिक भारतीय उद्योगपतियों में गौतम अडाणी की व्यक्तिगत संपत्ति 143 अरब डॉलर के स्तर पर पहुंच चुकी है। पिछले एक साल की अवधि में गौतम अडाणी की व्यक्तिगत संपत्ति में 66.3 अरब डॉलर का इजाफा हुआ है। मुकेश अंबानी की व्यक्तिगत संपत्ति में पिछले एक साल की अवधि में महज 1.46 अरब डॉलर का इजाफा हो सका है।

ब्लूमबर्ग की सूची के मुताबिक दुनिया के सबसे रईस कारोबारियों की सूची में पहले स्थान पर अभी भी 251 अरब डॉलर की व्यक्तिगत संपत्ति के साथ एलन मस्क बने हुए हैं। वहीं 153 अरब डॉलर की व्यक्तिगत संपत्ति के साथ जेफ बेजॉस सबसे अमीर व्यक्तियों की सूची में दूसरे स्थान पर हैं। इस तरह जैफ बेजॉस और गौतम अडाणी की व्यक्तिगत संपत्ति में अब सिर्फ 10 अरब डॉलर का अंतर रह गया है। पिछले एक साल के दौरान गौतम अडाणी की व्यक्तिगत संपत्ति में जिस तेजी से बढ़ोतरी हुई है, उस हिसाब से अनुमान लगाया जा रहा है कि जल्दी ही गौतम अडानी जेफ बेजॉस को भी पीछे छोड़ कर सबसे रईस व्यक्तियों की सूची में दूसरे स्थान पर काबिज हो जाएंगे।

ब्लूमबर्ग बिलियनरीज इंडेक्स के ताजा आंकड़ों के मुताबिक दुनिया के टॉप 100 रईसों की सूची में गौतम अडाणी और मुकेश अंबानी समेत कुल 6 भारतीयों के नाम शामिल हैं। इनमें मुकेश अंबानी के बाद 47वें स्थान पर 25.5 अरब डॉलर की व्यक्तिगत संपत्ति के साथ अजीम प्रेमजी बने हुए हैं। इसी तरह 23 अरब डॉलर की व्यक्तिगत संपत्ति के साथ शिव नाडर इस सूची में 51वें स्थान पर, 22.1 अरब डॉलर की व्यक्तिगत संपत्ति के साथ राधाकिशन दमानी 55वें स्थान पर और 15.7 अरब डॉलर की व्यक्तिगत संपत्ति के साथ लक्ष्मी मित्तल 100वें स्थान पर बने हुए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker