नैनीताल के 70 वर्षीय बुजुर्ग ने 1600 फीट की ऊंचाई से पैराजपिंग करने का किया कारनामा
नैनीताल, 14 नवंबर। नैनीताल उत्तराखंड के निवासी और वर्तमान में पुणे-महाराष्ट्र निवासी सेवानिवृत्त कर्नल डॉ. गिरजा शंकर मुनगली ने 1600 फीट की ऊंचाई से विमान से पैराजंपिंग करने का कारनामा कर दिखाया। इसके बाद पूरे देश में उनकी सराहना की जा रही है।
बताया गया है कि उन्होंने वायु सेना के पैराशूट ब्रिगेड महोत्सव ‘रियूनियन 2022’ के दौरान आगरा में वायु सेना प्रशिक्षण में एयरवेज पर 1600 फीट की ऊंचाई से एक विमान से पैराजंपिंग की, इसमें उनके साथ 35 अन्य लोग भी शामिल थे, लेकिन वह इनमें सबसे उम्रदराज थे। उन्होंने बताया कि विमान से कूदने के बाद जमीन पर सुरक्षित उतरने में बहुत खतरा होता है। जब तक पैराशूट पूरी तरह से खुल नहीं जाता तब तक सब कुछ ठीक नहीं होता है।
उल्लेखनीय है कि भारतीय सेना से कर्नल के पद से सेवानिवृत्त डॉ. मुनगली भारतीय सेना के साहसिक विभाग के प्रमुख थे। वह भारत और बांग्लादेश के बीच संयुक्त राफ्टिंग अभियान व हिमालय में कई ऊंची चोटियों सहित कई साहसिक अभियानों में शामिल रह चुके हैं। उन्होंने पीएचडी भी की है। वह एशियाई फुटबॉल परिसंघ के टास्क फोर्स के सदस्य तथा उद्योगपति भी हैं। उनके इस कारनामे पर उत्तराखंड ग्वालसेवा के संस्थापक अधिवक्ता पंकज कुलौरा, आशीष दुम्का, डॉ रेखा पांडे, मनोज साहनी, भारती ओलंपिक संघ के महासचिव राजीव मेहता, नैनीताल होटल एंड रेस्टोरेंट के अध्यक्ष दिग्विजय बिष्ट व सचिव वेद साह, उत्तराखंड ताइक्वांडो फेडरेशन के महासचिव चंद्रविजय बिष्ट, नैनीताल जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष नीरज साह, बहादुर सिंह पाल, हेमंत बोरा, आनंद सिंह दरम्वाल, करणवीर गंगोला, संजय सुयाल दीपक रुवाली, मनीष जोशी सहित अनेक लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए शुभकामनाएं दी और पहाड़ के लोगों के लिए एक आदर्श बताया।