राष्ट्रीय

 पीओके वापस लेना संसद का संकल्प : राजनाथ सिंह

अहमदाबाद, 30 नवंबर। केन्द्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बुधवार को अहमदाबाद में पाक अधिकृत कश्मीर (पीओके) वापस लेने की बात को दोहराया। उन्होंने कहा कि पीओके को वापस लेना संसद का संकल्प है। पीओके के खराब हालात का जिक्र कर केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि वहां के लोग पाकिस्तान के खिलाफ हैं। गुजरात चुनाव के संबंध में उन्होंने कहा कि भाजपा रिकॉर्ड मतों के साथ जीत हासिल करेगी।

केन्द्रीय मंत्री राजनाथ ने गुजरात विधानसभा चुनाव के दौरान एक चुनावी सभा में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की तुलना रावण से करने पर कांग्रेस की आलोचना की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपशब्दों का इस्तेमाल कर रही है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ लोकतांत्रिक व्यवस्था में किसी के संबंध में अपशब्दों का प्रयोग करना स्वस्थ राजनीति के लक्षण नहीं है। केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि जिस प्रकार के अपशब्दों का प्रयोग कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रधानमंत्री के लिए किया है वह उनकी मानसिकता ही नहीं, बल्कि पूरी कांग्रेस की मानसिकता का परिणाम है।

उन्होंने कांग्रेस की कथनी और करनी में अंतर बताते हुए कहा कि अगर कांग्रेस ने जो कहा, वह किया होता तो भारत आज दुनिया का सबसे शक्तिशाली देश होता। भाजपा जो कहती है वह करती है, इसीलिए देश की जनता भाजपा पर भरोसा करती है।

केन्द्रीय रक्षा मंत्री सिंह ने कहा कि गुजरात में भाजपा समान नागरिक संहिता (यूसीसी) पर अडिग है। भाजपा के अस्तित्व में आने के बाद से ही समान नागरिक संहिता, कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाना हमारा एजेंडा रहा है। उन्होंने कहा कि पहले गुजरात में आए दिन दंगे होते थे। आतंकी गतिविधियां हुईं। इन आतंकी गतिविधियों को पालने का काम कांग्रेस कर रही थी। आज आतंकवादी या उनके नेता गुजरात या देश की ओर आंख उठाने की भी हिम्मत नहीं करते। भाजपा ने ध्रुवीकरण की राजनीति न कभी की है और न करेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker