राष्ट्रीय

प्रधानमंत्री मोदी देर रात कैंट स्टेशन पहुंचे, वीआइपी लाउंज का किया निरीक्षण

-खिड़किया घाट पर हुए पर्यटन विकास के कार्यों को देखा

वाराणसी

प्रदेश विधानसभा चुनाव के सातवें और आखिरी चरण में मतदान के पूर्व चुनाव प्रचार के लिए शुक्रवार को वाराणसी आये भाजपा के शीर्ष नेता और देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शहर में मेगा रोडशो किया। इसके बाद बरेका गेस्टहाउस में रात्रि विश्राम के पूर्व रात में अचानक कैंट स्टेशन पहुंचे। स्टेशन पर प्रधानमंत्री को देख लोग दंग रह गये। थोड़ी देर में सामान्य होने के बाद यात्रियों ने जय श्री राम का नारा लगा उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। जवाब में प्रधानमंत्री मोदी ने भी हाथ जोड़कर यात्रियों का अभिवादन स्वीकार किया। प्रधानमंत्री ने इस दौरान स्टेशन के अत्याधुनिक वीआइपी लाउंज में संचालक से बातचीत कर यहां के बारे में जानकारी ली। कुछ देर स्टेशन के एक नंबर प्लेटफार्म पर घूम कर उन्होंने यात्री सुविधाओं और सफाई व्यवस्था का जायजा लिया।

कैंट स्टेशन से निकलने के बाद प्रधानमंत्री सीधे खिड़किया घाट पहुंचे। खिड़किया घाट हुए विकास कार्यो का उन्होंने जायजा लिया। यहां से प्रधानमंत्री बरेका गेस्ट हाउस के लिए वाहनों के काफिले में रवाना हो गये। बताते चले खिड़कियाघाट पर 46 करोड़ की लागत से नया पर्यटन केन्द्र बनाया गया है। गंगा-वरुणा संगम पर आदिकेशव मंदिर तक पक्का किया जा रहा है। इस घाट पर सीएनजी नाव चलाने के लिए एक सीएनजी स्टेशन की भी स्थापना गेल ने की है। स्मार्ट सिटी योजना के तहत घाट को आधुनिक तरीके से विकसित किया जा रहा है। इसके पहले फेज में खिड़किया घाट की साज संवार तो दूसरे में समीप दो हेलीपैड का निर्माण प्रस्तावित है। योजना के तीसरे चरण में आदिकेशव घाट तक पुनरुद्धार कार्य कराया जाएगा। इससे घाट एकाकार हो जाएंगे जो पर्यटन को विस्तार संग पंचकोसी यात्रा को संपूर्णता में आधार देंगे।

प्रधानमंत्री ने रोड शो के बाद बरेका गेस्ट हाउस में भाजपा पदाधिकारियों से मुलाकात किया। इसके बाद अदरक की मनपसंद चाय पी। हल्का नाश्ता कर लगभग दो घंटे बाद रात में मंडुआडीह चौराहे से होते हुए लहरतारा के रास्ते कैंट स्टेशन पहुंच गये। प्रधानमंत्री अपने संसदीय क्षेत्र में रात्रि प्रवास के बीच अक्सर रात में शहर में हुए विकास कार्यो का जायजा लेने निकल जाते हैं। पिछले बार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ रात एक बजे उन्होंने बनारस स्टेशन का जायजा लिया था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker