नई दिल्ली
बाहरी उत्तरी जिले के निहाल विहार पुलिस ने एक ऐसे शातिर हिस्ट्रीशीटर एवं तड़ीपार को गिरफ्तार किया है, जो पुलिस से बचकर दिल्ली में ही वारदातों को अंजाम दे रहा था। उसके पकड़े जाने के बाद निहाल विहार इलाके में हुई एक लूट की वारदात का भी खुलासा हुआ है।
आरोपित के पकड़े जाने के बाद 13 वारदातों का खुलासा हुआ है। आरोपित की पहचान चंदन विहार निहाल विहार के रहने वाले पिंटू के रूप में हुई है। आरोपित के कब्जे से दो बाइक और पांच मोबाइल फोन जब्त किये हैं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ‘स्ट्रीट क्राइम’ (सड़क पर होने वाले अपराध) पर लगाम लगाने के लिये निहाल विहार पुलिस इलाके में सादे कपड़ों में प्राईवेट वाहनों पर गश्त करके संदिग्धों पर नजर बनाए हुए हैं। बीते तीन मई को निहाल विहार पुलिस को एक व्यक्ति से लूटपाट होने की पीसीआर कॉल मिली थी। पुलिस तुरंत कृष्ण वाटिका, निहाल विहार के पास गंदा नाला रोड के पास पहुंची। शिकायतकर्ता रमेश कुमार ने बताया कि उससे बदमाश ने फोन लूट लिया है। पुलिस ने मामला दर्ज किया।
पुलिस टीम ने वारदात के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला और कई संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। तिहाड़ जेल से बाहर आए बदमाशों की लिस्ट बनाई। जिनके बारे में पता लगाने की कोशिश की। इस बीच पता चला कि आरोपित पिंटू इलाके में घूमते हुए देखा गया है। जो पुलिस का हिस्ट्रीशीटर और तड़ीपार है। पुलिस को पता चला कि वह गंदा नाला, निहाल विहार के पास चमड़ा फैक्ट्री गली में मौजूद है। पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी करके जब उसे पकड़ने की कोशिश की।
आरोपित ने बाइक से भागने की कोशिश की। पुलिस से आरोपित से पूछताछ करने पर पता चला कि वह नशे का आदी है। वह पहले सात आपराधिक मामलों में शामिल था और निहाल विहार का हिस्ट्रीशीटर था। अप्रैल, 2022 के महीने में दिल्ली एनसीआर की सीमा से बाहर कर दिया गया था लेकिन वह गुप्त रूप से दिल्ली के इलाके में काम कर रहा था। उसने अपने साथी रामू और मोहन उर्फ मोनू के साथ झपटमारी की वारदातों को अंजाम दे रहा था। पुलिस आरोपित की निशानदेही पर उसके साथी रामू और मोहन उर्फ मोनू की तलाश कर रही है।