राज्य पर्यटन नीति 2023 को मेघालय मंत्रिमंडल ने दी मंजूरी
शिलांग, 11 जनवरी। मेघालय मंत्रिमंडल ने राज्य पर्यटन नीति 2023 को मंजूरी दे दी है। नई पर्यटन नीति पर बुधवार को राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में विस्तृत चर्चा के बाद मुहर लगा दी गई।
कैबिनेट की बैठक के बाद मुख्यमंत्री कॉनराड के संगमा ने कहा कि मेघालय में पर्यटन क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए 2011 की पर्यटन नीति में बदलाव आवश्यक था। इसके आकार और इंफ्रास्ट्रक्चर को मौजूदा हालात के हिसाब से बदला जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली पर्यटन नीति 2011 में बनी थी तब से पर्यटन उद्योग और क्षेत्र में बहुत बदलाव आया है इसलिए मेरी सरकार ने इसे सुधारने के लिए वर्तमान स्थिति के अनुकूल होने की आवश्यकता महसूस की। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार ने नई पर्यटन नीति को पारित करने के लिए कई बार चर्चा की है। इसे पहले ही पब्लिक डोमेन में रखा जा चुका है।
कॉनराड संगमा ने कहा कि पर्यटन क्षेत्र की मौजूदा स्थिति को ध्यान में रखते हुए समग्र क्षेत्र को उचित आकार और ढांचा देने की परिकल्पना की गई है। पर्यटन के क्षेत्र में बहुत कुछ हो रहा है, लेकिन उन्हें व्यवस्थित रूप में नहीं किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नई नीति की पूरी प्रक्रिया को पूर्ण बनाने के लिए जो भी करना होगा हम करेंगे, जिससे पर्यटन क्षेत्र में सुधार होगा।
उन्होंने कहा कि स्थिरता वह पहलू है जिस पर हमें गौर करना चाहिए। दुनिया के कई हिस्सों में स्थायी पर्यटन नीतियां हैं, विशिष्ट दिशा-निर्देशों के साथ पर्यटक कुछ स्थानों पर कैसे जा सकते हैं, इस पर जोर दिया जाएगा।