सेना में युवाओं की भर्ती को लेकर प्रियंका गांधी ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को लिखा पत्र
नई दिल्ली
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने मंगलवार को पत्र लिखकर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से आग्रह किया है कि सेना में खाली पदों के लिए भर्तियां निकाली जाएं। पत्र में उन्होंने अभ्यर्थियों की आयु सीमा में दो वर्ष की छूट देने की भी मांग की है।
उन्होंने कहा कि लंबे समय से भर्ती नहीं होने ने युवा परेशान हैं। रिजल्ट और नियुक्तियों में विलंब के कारण बहुत से युवा निराशा के शिकार हो रहे हैं। प्रियंका ने लिखा कि वायुसेना में सैनिकों की भर्ती (जनवरी, 2020) के लिए नवंबर, 2020 में परीक्षा कराई गई थी। इसका परिणाम भी नवंबर, 2020 में आया। चयनित लोगों के सभी परीक्षण भी कराए गए लेकिन अभी तक इसकी भर्ती सूची (एनरॉलमेंट सूची) जारी नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि वायुसेना में भर्ती के लिए एक परीक्षा जुलाई, 2021 में भी कराई गई थी। इस परीक्षा में लाखों युवाओं ने हिस्सा लिया था। परीक्षा का परिणाम अगस्त, 2021 में आना था जो अभी तक जारी नहीं किया गया है।
उन्होंने कहा कि बहुत से युवा सेना में भर्ती होकर देश की सेवा करना चाहते हैं। ऐसे में इन युवाओं के लिए रास्ता खोला जाना जरूरी है। सेना में खाली पड़े पदों को भरने के लिए अविलंब भर्ती निकाली जानी चाहिए साथ ही सभी भर्ती केंद्रों पर भर्ती रैलियों का आयोजन कर युवाओं के सपनों को पूरा करना चाहिए।