राष्ट्रमंडल खेल : पुरूष युगल बैडमिंटन के फाइनल में पहुंची सात्विक साईराज और चिराग शेट्टी की जोड़ी
बर्मिंघम, 7 अगस्त। सात्विक साईराज और चिराग शेट्टी की जोड़ी राष्ट्रमंडल खेल 2022 के पुरूष युगल बैडमिंटन स्पर्धा के फाइनल में पहुंच गई है। भारतीय जोड़ी ने सेमीफाइनल मुकाबले में मलेशिया के चैन पेंग सून और टैन कियान मेंग की जोड़ी को 21-6, 21-15 से हराया है। इस जीत के साथ ही भारतीय जोड़ी ने देश के लिए कम से कम रजत पदक पक्का कर लिया है।
हालांकि महिला युगल के सेमीफाइनल मैच में भारत की त्रिशा और गायत्री की जोड़ी को हार का सामना करना पड़ा। भारतीय जोड़ी को मलेशियाई जोड़ी ने 21-13, 21-16 के अंतर से हराया। अब भारतीय जोड़ी कांस्य पदक के लिए मैच खेलेगी।
वहीं, पुरूष एकल में लक्ष्य सेन ने रविवार को खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में सिंगापुर के जिया हेंग तेह को 21-10, 18-21, 21-16 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया और राष्ट्रमंडल खेलों में अपना पहला पदक पक्का किया।
वहीं, एक अन्य सेमीफाइनल मुकाबले में भारतीय खिलाड़ी किदांबी श्रीकांत को मलेशिया के एनजी त्जे योंग से 21-13, 19-21, 10-21 से हार का सामना करना पड़ा।