किसानों की आय वृद्धि के लिए वेबसाइट तैयार कर रही सरकार : सूर्य प्रताप शाही
लखनऊ, 16 नवम्बर। किसानों की आय वृद्धि को ध्यान में रखते हुए सरकार द्वारा एक वेबसाइट तैयार किया जा रहा है। उसके माध्यम से कृषि उत्पादों का विभिन्न मंडियों में भाव, मौसम की जानकारी, मौसम आधारित परामर्श आदि की सूचना सुलभ करायी जाएगी। यह जानकारी कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने दी। वे कृषि अनुसंधान परिषद द्वारा आयोजित ‘किसानों की आय में अभिवृद्धि हेतु अभिनव प्रौद्योगिकी’ विषय पर बोल रहे थे।
इस कार्यशाला में कृषि विश्वविद्यालयों के वैज्ञानिक, प्रदेश के कृषि व संबंधित विभागों के निदेशक तथा प्रगतिशील किसानों ने प्रतिभाग किया। इसमें कृषि उत्पादन आयुक्त मनोज कुमार सिंह ने स्टार्टअप से अपेक्षा की कि उनके द्वारा तैयार की जा रही तकनीकी कृषकों की आय में वृद्धि के लिए हों। कृषि सचिव अनुराग यादव ने इस बात पर जोर दिया कि प्रदेश में कृषि जोतों का आकार लघु अथवा सीमांत स्तर का है। इस कारण तकनीकों को लघु व सीमांत किसानों के अनुरूप रखा जाये।
कार्यशाला की अध्यक्षता करते हुए परिषद के अध्यक्ष विकास गुप्ता ने कहा कि देश में 71,000 पंजीकृत स्टार्टअप हैं। कृषि आधारित तकनीकों के संदर्भ में इनकी एक सूची तैयार की जाएगी।