उत्तर प्रदेश

 स्वतंत्र भारत में पहली बार स्वच्छता महाभियान चलाया प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने : स्वाती सिंह

लखनऊ, 02 अक्टूबर। पहली बार महात्मा गांधी ने एक छोटी सी बात को बड़ी मुहिम के रूप में लिया, वह थी स्वच्छता। पूरे विश्व में सर्वप्रथम स्वच्छता पर बड़ा आग्रह अभियान महात्मा गांधी ने चलाया। उनका मानना था कि स्वस्थ रहने के लिए स्वच्छ रहना जरूरी है। वह सफाई को स्वयं करने के पक्ष में भी रहते थे। स्वतंत्र भारत में उनके अभियान को राष्ट्रव्यापी बनाने का काम सर्वप्रथम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किया। ये बातें पूर्व मंत्री स्वाती सिंह ने कही। वे सुशांत गोल्फ सिटी में मिनी मैराथन प्रतियोगिता के अवसर पर बोल रही थीं।

इसके बाद हरी झंडी दिखाकर उन्होंने प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। स्वाती सिंह ने कहा कि महात्मा गांधी के आदर्शों को हम सभी को अपनाने की कोशिश करनी चाहिए। उसमें एक स्वच्छता भी है। स्वस्थ रहने के लिए स्वच्छ रहना जरूरी है। इसके साथ हमें योग और खेल पर भी विशेष ध्यान देना चाहिए। प्रधानमंत्री मोदी ने इसी कारण योग को भी जागरुकता अभियान के रूप में लिया और आज योग विश्व पटल पर छा गया।

स्वाती सिंह ने कहा कि योग और स्वच्छता के माध्यम से हम 70 प्रतिशत होने वाले रोगों को टाल सकते हैं। इसके माध्यम से हम साठ साल के बाद भी निरोग रह सकते हैं। प्राणि मात्र की एक विशेषता और है। जब हम रोग गस्त हो जाते हैं, उसके बाद उसे ठीक करने के लिए तमाम अस्पतालों व संस्थानों की ओर रुख करते हैं। यदि हम पहले ही शरीर का पूरा ध्यान रखें तो फिर हमें रोग छुएगा ही नहीं।

उन्होंने कहा कि हमें योग और स्वच्छता के प्रति खुद जागरूक होते हुए दूसरों को भी सतत जागरूक करते रहना है। इसी में पूरे समाज और राष्ट्र का हित है। स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मन का वास होता है और जब स्वस्थ मन होगा तो हर काम सही होगा। इस अवसर पर अंसल, लकी अवस्थी, परमजीत, शिवेन्द्र, रघुनाथ आदि उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker