मुख्यमंत्री मनोहर लाल द्वारा पेश किया गया बजट नारी शक्ति को आर्थिक आजादी दिलाने का आधार -कविता जैन
सोनीपत
पूर्व कैबिनेट मंत्री कविता जैन ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल द्वारा पेश किया गया बजट नारी शक्ति को आर्थिक आजादी दिलाने का आधार है। महिला एवं बाल विकास विभाग को ज्यादा बजट मिलने से पूर्व स्कूल शिक्षा को मजबूत किया जाएगा, वही कुपोषण से निपटने और महिलाओं के पोषण स्तर में बढ़ोतरी के लक्ष्यों को हासिल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल द्वारा सुषमा स्वराज पुरस्कार की घोषणा प्रदेश की महिलाओं को देश-विदेश में हरियाणा का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित करेगा। हरियाणा मातृशक्ति उदयमिता योजना लघु उद्योग में महिलाओं की प्रभावी उपस्थिति एवं उनकी कामयाबी की शुरुआत का आधार बनेगी। यही नहीं कामकाजी महिलाओं के लिए फरीदाबाद, गुरुग्राम और पंचकूला में वर्किंग विमेन हॉस्टल बनने से सस्ती एवं किफायती रिहाइश की उपलब्धता बढ़ेगी। प्रदेश में 3 नए कॉलेज स्थापित होने से बेटियों की उच्च शिक्षा के संकल्प को तेजी से पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने प्रदेश में स्वयं सहायता समूह के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का संकल्प लिया है।