आसमान में शुरु हुई बादलों की आवाजाही, हल्की बारिश के आसार
कानपुर, 11 सितम्बर। उत्तरी पश्चिमी हवाओं के चलने से बीते कई दिनों से तापमान बढ़ रहा था और लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ रहा था। इधर दो दिनों से हवाओं की दिशाओं में परिवर्तन हुआ और बंगाल की खाड़ी से नम हवाओं के आने से आसमान में बादलों की आवाजाही शुरु हो गई। इससे तापमान में भी गिरावट आई और आगामी दिनों में हल्की बारिश के आसार भी बन गये हैं।
चन्द्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एस एन पाण्डेय ने रविवार को बताया कि गहरा निम्न दबाव का क्षेत्र अब डिप्रेशन में बदल गया है और 11 सितम्बर को 5ः30 बजे तक, यह ओडिशा के दक्षिण तट पर अक्षांश 19.5 उत्तर और देशांतर 84.7 पूर्व के पास था। गोपालपुर से लगभग 20 किमी उत्तर पश्चिम में। यह दक्षिण ओडिशा और दक्षिण छत्तीसगढ़ से गुजरते हुए पश्चिम उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ेगा और धीरे-धीरे कमजोर हो जाएगा।
मॉनसून की ट्रफ अब नलिया, अहमदाबाद, अकोला, रामागुंडम, दक्षिण ओडिशा के ऊपर बने हुए डिप्रेशन के केंद्र और फिर पूर्व दक्षिण पूर्व की ओर बंगाल की पूर्वी मध्य खाड़ी से गुजर रही है। दक्षिण महाराष्ट्र और गोवा तट के पास अरब सागर के ऊपर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। विंड शीयर ज़ोन लगभग 16 डिग्री उत्तर अक्षांश के साथ दक्षिण प्रायद्वीप पर औसत समुद्र तल से 3.1 और 7.6 किमी के बीच चल रहा है।
बताया कि कानपुर में अधिकतम तापमान 34.6 और न्यूनतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह की सापेक्षिक आर्द्रता 85 और दोपहर की सापेक्षिक आर्द्रता 64 प्रतिशत रही। हवाओं की दिशाएं दक्षिण पूर्वी रहीं जिनकी औसत गति 5.9 किमी प्रति घंटा रही। पूर्वानुमान के अनुसार अगले तीन दिनों में हल्के से मध्यम बादलां की आवाजाही रहने के कारण स्थानीय स्तर पर बहुत हल्की वर्षा होने के आसार बने हुए है। इसके साथ ही बीच-बीच में धूप भी निकलती रहेगी।