आरएसएस प्रमुख डॉ. मोहन भागवत दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे त्रिपुरा
अगरतला, 26 अगस्त। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत त्रिपुरा के दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे हैं। शुक्रवार को हवाई अड्डे पर शांतिकाली आश्रम के कार्यकर्ता सुब्रत देववर्मा ने उनका स्वागत किया। डॉ. भागवत शनिवार को अमरपुर के सरबंग स्थित शांतिधाम शांतिकाली आश्रम के नवनिर्मित मंदिर का शुभारम्भ करेंगे। इस मौके पर वे संकल्प सभा को संबोधित करेंगे। अगरतला पहुंचने के बाद सीधे उज्जयंत पैलेस रवाना हो गए। उन्होंने वहां राज सिंहासन का दौरा किया।
मिली जानकारी के अनुसार राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ प्रमुख संगठनात्मक गतिविधियों के लिए त्रिपुरा नहीं आए हैं। उनका दौरा केवल शांतिकाली आश्रम के नवनिर्मित मंदिर के उद्घाटन के लिए है। उनके इस दौरे को लेकर राज्य में तैयारी जोरशोर से चल रही है।
उज्जयंत पैलेस से निकलकर वे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के मुख्यालय सेवाधाम पहुंचे। वहीं पर रात बिताएंगे। डॉ. भागवत शनिवार की सुबह अमरपुर स्थित शांतिकाली आश्रम के लिए रवाना होंगे।
शनिवार की सुबह 11 बजे डॉ. भागवत शांतिकाली आश्रम के नवनिर्मित मंदिर का लोकार्पण करेंगे। उद्घाटन के बाद वे संकल्प सभा को संबोधित करेंगे। समारोह के बाद सीधे एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे।