अंतर्राष्ट्रीय

संकटग्रस्त पाकिस्तान को संयुक्त राष्ट्र महासचिव की यात्रा से बड़ी उम्मीदें

इस्लामाबाद, 09 सितंबर। संयुक्त राष्ट्र संघ के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस पाकिस्तान यात्रा पर पहुंचे हैं। बाढ़ से लेकर आर्थिक संकट तक से जूझ रहे पाकिस्तान ने संयुक्त राष्ट्र महासचिव की इस यात्रा से बड़ी उम्मीदें लगा रखी हैं। पाकिस्तान में उम्मीद जगी है कि अब उसे दुनिया से अधिक मदद मिल सकेगी।

पहले से ही आर्थिक संकट से जूझ रहे पाकिस्तान में बाढ़ की विभीषिका मुसीबत बनकर आई है। अब जब संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस पाकिस्तान पहुंचे हैं तो पाकिस्तान को लगता है कि गुटेरेस की यात्रा से दुनिया जलवायु परिवर्तन के विनाशकारी प्रभाव के बारे में जान सकेगी। शुक्रवार को इस्लामाबाद पहुंचे गुटेरेस अपनी दो दिन की यात्रा में बाढ़ पीड़ित इलाकों का दौरा करेंगे और वहां बुरी तरह प्रभावित हुए लोगों से मिलेंगे। इस्लामाबाद पहुंचने पर पाकिस्तान की विदेश राज्यमंत्री हिना रब्बानी खार ने उनका स्वागत किया। बाद में गुटेरेस ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के साथ बैठक भी की।

इस्लामाबाद पहुंचते ही गुटेरेस ने ट्वीट कर कहा भी कि वे विनाशकारी बाढ़ के बाद पाकिस्तान के लोगों के साथ अपनी एकजुटता का इजहार करने वहां पहुंचे हैं। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से जलवायु परिवर्तन के कारण हुए विनाश से जूझ रहे पाकिस्तान को बड़े पैमाने पर मदद देने की अपील भी की। पाकिस्तान सरकार ने जानकारी दी कि बाढ़ में देश का एक तिहाई हिस्सा डूब गया। 1,100 से ज्यादा लोगों की मौत हुई और लाखों घर नष्ट हो गए। कुल मिलाकर तीन करोड़ 30 लाख लोगों पर बाढ़ का असर हुआ है। पाकिस्तान सरकार और वहां के विशेषज्ञों को उम्मीद है कि संयुक्त राष्ट्र महासचिव पूरी दुनिया में हो रहे जलवायु परिवर्तन के दुष्प्रभाव की ओर दुनिया का ध्यान खीचेंगे, जिससे मुसीबत के वक्त में पाकिस्तान जैसे देशों को तुरंत मदद पहुंचाने की कोई व्यवस्था कायम हो पाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker