राष्ट्रीय

 उत्तराखंड : प्रदेश कांग्रेस के 209 सदस्यों ने राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए किया मतदान

देहरादून, 17 अक्टूबर। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव में उत्तराखंड से प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) के निर्वाचित कुल 209 सदस्यों ने मतदान किया। इनमें से राज्य में 197 और 12 राज्य से बाहर मतदान किया। उत्तराखंड में कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय राजीव भवन में मतदान केन्द्र बनाए गए थे।

प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष संगठन/प्रशासन मथुरादत्त जोशी ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए हुए चुनाव में पार्टी के प्रदेश चुनाव अधिकारी (पीआरओ) जी.सी. चन्द्रशेखर, सांसद, ए.पी.आर.ओ. मनोज भारद्वाज, ए.पी.आर.ओ. जयशंकर पाठक एवं डीआरओ देहरादून धर्मेन्द्र सोलंकी और एडीआरओ हर्ष बंसल की ओर से चुनाव प्रक्रिया सम्पन्न करवाई गई।

अध्यक्ष करन माहरा, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल सहित प्रदेश के 223 प्रदेश प्रतिनिधियों (पी.सी.सी. सदस्यों) में से 197 ने ने देहरादून में अपने मताधिकार का प्रयोग किया। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, राष्ट्रीय सचिव काजी निजामुद्दीन एवं डी.पी. सिंह ने नई दिल्ली में, पूर्व सांसद एवं पीआरओ बिहार प्रदेश प्रदीप टम्टा एवं डीआरओ बिहार हरीश ऐठानी ने पटना में, पूर्व राष्ट्रीय सचिव एवं पीआरओ झारखंड प्रकाश जोशी ने रांची में, एपीआरओ राजस्थान जयेन्द्र रमोला ने जयपुर में और मनीष खण्डूरी, राजपाल बिष्ट, वैभव वालिया, पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण एवं मोहित वालिया के पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने के चलते कर्नाटक प्रदेश में अपने मताधिकार का प्रयोग किया। उत्तराखंड से कुल 209 प्रदेश प्रतिनिधियों ने राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव में मतदान किया। चार को पहले ही पार्टी से बर्खास्त किया है।

करन माहरा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी लोकतांत्रिक पार्टी है और कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष का निर्वाचन एक लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत मतदान के माध्यम से होता है। जबकि कांग्रेस पार्टी पर आरोप लगाने वाली पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष कब नियुक्त हो जाते हैं लोगों को इसका पता समाचार चैनलों के माध्यम से मिलता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker