जींद : जींद में 51 सौभाग्यवती कन्याएं एक साथ बंधी विवाह बंधन में
जींद, 15 जनवरी। जींद में रविवार को अनोखा संगम देखने को मिला। एक साथ 51 सौभाग्यवती कन्याएं एक साथ विवाह के पवित्र बंधन में बंधी। इन सभी 51 सौभाग्यवती कन्याओं ने एक ही पंडाल के नीचे एक साथ जयमाला की रस्म निभाई। समारोह में फेरे भी सामूहिक हुए। हजारों लोग इस समारोह के साक्षी बने। समारोह में 51 दूल्हे ढोल नगाड़ों और बारातियों के साथ अपनी दुल्हनियां को लेने पहुंचे जहां पहले से ही सजी संवरी 51 दुल्हनें अपने दूल्हे का इंतजार कर रही थी।
इस समारोह में हर वह रस्म निभाई गई जो एक दूल्हा और दुल्हन के बीच निभाई जाती है। यहां पहले बारातियों का स्वागत किया गया। फिर जयमाला की रस्म निभाई गई। नाच गाने हुए। फिर प्रीतिभोज हुआ। अंत में फेरे हुए। फिर बाबुल की दुआएं लेती जा के गाने के साथ विदाई की रस्म की गई। समारोह में विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भी बढ़चढ़ कर भाग लिया। समारोह का आयोजन युवा मित्र मंडल द्वारा किया गया।
इस समारोह में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक इंद्रेश कुमार, विधायक डा. कृष्ण मिड्ढा, नगर परिषद अध्यक्ष डा. अनुराधा सैनी, पवन गर्ग, विजय गोयल, जिनेंद्र जैन, राकेश मुनि, डा. राजकुमार गोयल अतिथिगण के रूप में उपस्थित हुए और दूल्हा-दुल्हनों को आर्शीवाद दिया। इस अवसर पर केशव माधव की झांकियां आकर्षण का केन्द्र रही। अमित ढुल के भजनों ने उपस्थित जन का मन मोह लिया। मंच संचालन नरेश भजनी द्वारा किया गया। कार्यक्रम में मौजूद रहे सभी मुख्यअतिथियों ने एक सुर में कहा कि जरूरतमंद कन्याओं की शादी करवाना सबसे बड़ा पुण्य हैं और आज युवा मित्र मंडल के पदाधिकारी एक साथ 51 कन्याओं की शादी करवाकर पुण्य के भागी बने हैं।इस आयोजन की जितनी भी प्रशंसा की जाए उतनी कम है। इस तरह के आयोजन निश्चित तौर पर आज के समय की जरूरत है। ऐसे कार्यक्रमों के आयोजन से जरूरतमंद परिवार भी समाज की मुख्यधारा से जुडऩे लगेंगे।
संस्था के प्रधान पवन सिंगला ने कहा कि संस्था के पदाधिकारी काफी दिनों से इस सामूहिक विवाह समारोह को कामयाब बनाने में जुटे हुए थे। पवन सिंगला ने कहा कि युवा मित्र मण्डल 2014 से गरीब कन्याओं की सामूहिक शादियां करवाता आ रहा है। अभी तक यह मंडल 265 कन्याओं की शादी करवा चुका है। इसी कड़ी में आज 51 कन्याओं की शादी करवाई गई है।