हिसार: भाजपा के नेतृत्व में देश व प्रदेश के हालत बेहद चिंतनीय: सैलजा
हिसार में अभिनंदन समारोह में केन्द्र व प्रदेश सरकार पर किया प्रहार
हिसार, 24 जुलाई वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री और पूर्व केंद्रीय मंत्री कुमारी सैलजा ने कहा है कि देश और प्रदेश के हालत बेहद चिंतनीय हैं। मौजूदा केंद्र सरकार के जनविरोधी रवैये के कारण हर वर्ग त्राहि-त्राहि कर रहा है। यह सरकार साजिशन देशवासियों को परेशान करने वाली नीतियां बना रही है। वे रविवार को हिसार में आयोजित अभिनंदन समारोह को संबोधित कर रही थी। कांग्रेस कार्यसमिति की सदस्य नियुक्त होने पर हरियाणा कांग्रेस के प्रवक्ता बजरंग दास गर्ग की ओर से यह आयोजन किया गया।
कुमारी सैलजा ने कहा कि केन्द्र सरकार द्वारा कृषि विरोधी काले कानून लाकर किसानों को बर्बाद करने की साजिश रची गई। जब इस साजिश को पहचानकर किसानों ने विरोध किया तो सरकार ने कृषि विरोधी काले कानून वापस लिए। सरकार की हठधर्मिता की वजह से सैंकड़ों किसानों को जान गंवानी पड़ी। अब सरकार ने अग्निपथ योजना लाकर देश के युवाओं के साथ भद्दा मजाक किया है। इस योजना के खिलाफ युवा अपनी आवाज लगातार उठा रहे हैं, मगर सरकार अपनी जिद पर अड़ी हुई है। सरकार की लूटनीति के कारण आज देश में महंगाई सारे रिकॉर्ड तोड़ रही है। सरकार लगातार टैक्स लगाकर आम जनता को लूटने का कार्य कर रही है। इस सरकार के कुशासन से हर वर्ग दुखी है।
कुमारी सैलजा ने कहा कि यह सरकार पूरी तरह से सत्ता के अहंकार में चूर है। जनता के हितों के लिए चुनी गई सरकार का ध्यान संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग कर अपने विरोधियों को परेशान करने पर है। आज जनता महंगाई, बेरोजगारी जैसी समस्याओं से छुटकारा चाहती है, मगर भाजपा सरकार का ध्यान केवल संवैधानिक एजेंसियों का दुरुपयोग कर अपने विरोधियों को परेशान करने पर केंद्रित है। कुमारी सैलजा ने प्रदेश की भाजपा-जजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि आज प्रदेश का हर वर्ग खुद का ठगा हुआ महसस कर रहा है।
कांग्रेस नेत्री ने कहा कि पार्टी नेताओं ने समारोह में उनका जो सम्मान किया है, वह उसके लिए सभी का तहे दिल से आभारी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्षा श्रीमती सोनिया गांधी व राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ संघर्षरत है। उन्होंने कहा कि पार्टी आलाकमान द्वारा उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसे वह पूरी निष्ठा से निभाएंगी और पार्टी को मजबूती प्रदान करने का कार्य करती रहेंगी।