ग्रामीण व शहरी क्षेत्र में धूमधाम से मना शिवरात्रि का पर्व
जाहरी स्थित मौनी बाबा आश्रम में शिवलिंग पर जलाभिषेक करते आजाद नेहरा व साथ में मौनी बाबा।
गन्नौर। गन्नौर के ग्रामीण व शहरी क्षेत्र में शिवरात्रि का पर्व धूमधाम से मनाया गया। लोगों ने शिव मंदिर में जाकर पूजा-अर्चना कर मन्नत मांगी। शहर के प्रधानावास मोहल्ला स्थित शहर के सबसे प्राचीन शिव मंदिर को दुल्हन की तरह सजाया गया। मंदिर के प्रधान अरूण त्यागी के नेतृत्व में रूद्राभिषेक, ध्वजारोहण, आरती, प्रसाद वितरण किया गया। मंदिर में सुबह से पूजा के लिए भक्तों की भीड़ लगी रही। वहीं कावडिय़ों के लिए मंदिर में जलपान की व्यवस्था भी की गई। इस अवसर पर पूर्व चेयरमैन रामकुमार धनखड़ ,भोपाल रापरिया ,राजेंद्र त्यागी सहित कई श्रद्धालु मौजूद थेे। उधर गांव जाहरी स्थित मौनी बाबा आश्रम में शिवरात्रि के पावन पर्व पर लोगों की भीड़ जुटी रही। भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य आजाद नेहरा ने शिवलिंग पर जलाभिषेक करते हुए मौनी बाबा से आशीर्वाद भी लिया। नेहरा ने भगवान शिव से सभी प्राणियों के कल्याण की प्रार्थना की। इस अवसर पर उनके साथ मंडल अध्यक्ष अमित सैनी, माई गीतादास, सतीश कुमार आदि मौजूद रहे। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में भगवान शिव के भक्त हरिद्वार से गंगाजल लेकर आए और शिवलिंग पर जलाभिषेक किया। शिव भक्तों का उत्साह देखते ही बनता था।