गोहाना 8 दिसम्बर। बुटाना गांव के मंदिर में खाटु नरेश की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा विधि विधान, यज्ञ एवं पूजा अर्चना के साथ धूमधाम से सम्पन्न हुई, मूर्ति स्थापना से पूर्व महिलाओं ने पूरे गांव में भव्य कलश यात्रा निकाली।
मूर्ति का लोकार्पण करते हुए मुख्यमंत्री के पूर्व मीडिया सलाहकार राजीव जैन ने कहा कि खाटु नरेश के चरणों में जो भी श्रद्धालु सच्चे मन से अरदास लगाता है उसकी मनोकामना अवश्य पूरी होती है। इसलिए उन्हें हारे का सहारा नाम से पुकारा जाता है। उन्होंने मूर्ति की स्थापना के लिए मनजीत जांगड़ा परिवार को बधाई दी और कहा कि धार्मिक कार्यों को जीवन में करने से मानव जीवन सार्थक होता है।
राजीव जैन ने कहा कि धार्मिक आयोजनों से युवा पीढ़ी में नैतिक संस्कार पनपते हैं जो समाज में भाईचारे, प्रेम की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि संस्कार और संस्कृति के सहारे ही आज भारत विश्वगुरू बनने की तरफ अग्रसर है। उन्होंने कहा कि अमेरिका, चीन, जापान, जर्मनी जैसे देश विकसित होकर भी सामाजिक रूप से पिछड़ते जा रहे हैं क्यांेकि इन देशो के नागरिकों में संस्कार नाम की कोई चीज नहीं है और इन देशों में संस्कृति का ह्रास होता जा रहा है।
इस अवसर पर मंदिर कमेटी द्वारा गांव की दोनों पंचायतों के नव निर्वाचित सरपंच मनोज कुण्डु तथा रामनिवास सांगवान का शॉल भेंट कर स्वागत किया गया। कार्यक्रम में रणबीर सांगवान, राज सिंह जांगड़ा, सतपाल, मनजीत जांगड़ा, मनजीत, सुनील कुंडू, भोला काफी संख्या में गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे।