हिसार : कड़ाके की ठंड व धुंध से जनजीवन हुआ अस्त-व्यस्त
हिसार, 08 जनवरी। प्रदेश में सर्दी का सितम कम होने का नाम नहीं ले रहा है। परिवर्तनशील मौसम, कड़ाके की ठंड व धुंध से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। रविवार को हिसार का बालसमंद गांव सबसे ठंडा रहा और यहां का तापमान 0.4 डिग्री सेल्सियस तक आ गया, जो कि सामान्य से माइनस 2.2 डिग्री सेल्सियस नीचे हैं। शनिवार को यह तापमान 1.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
पिछले दिन की तुलना में इस तापमान में माइनस 1.0 का अंतर दर्ज किया गया है। हिसार में तापमान 1.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने अगले पांच दिन प्रदेश में शीत लहर और धुंध का प्रकोप जारी रहने की चेतावनी दी है। हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डा. एमएल खिचड़ ने बताया कि राज्य में मौसम पर 12 जनवरी तक परिवर्तनशील रहने की संभावना है। इस दौरान लगातार पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से हवा में बदलाव उत्तरी व उत्तर पश्चिमी शीत हवा से पूर्वी या दक्षिणी पूर्वी चलने से वातावरण में नमी की मात्रा बढ़ने की संभावना है तथा रात्रि तापमान में भी बढ़ोतरी आने की भी संभावना है, लेकिन दिन के तापमान में ज्यादा बदलाव की संभावना नहीं है। उन्होंने बताया कि 10 जनवरी को आने वाले एक और पश्चिम विक्षोभ से हरियाणा राज्य के उत्तरी तथा उत्तर पश्चिमी जिलों में 11 जनवरी देर रात्रि या 12 जनवरी को कहीं कहीं बूंदाबांदी या हल्की बारिश की भी संभावना है।