घर बैठकर बनवा सकेंगे अब लोग अपने जन्म प्रमाण पत्र को : एसडीएम
– जन्म प्रमाण पत्र के लिए आनलाईन सरकार द्वारा पोर्टल बनाया
गन्नौर। जन्म प्रमाण पत्र के लिए आनलाईन सरकार द्वारा पोर्टल बनाया गया है। गन्नौर के एसडीएम सुरेन्द्र दून ने जानकारी देते हुए बताया कि इस पोर्टल पर व्यक्ति घर बैठे ही जन्म प्रमाण पत्र बनवा सकता है। जन्म प्रमाण पत्र जरूरी दस्तावेजों में शामिल है। अब कोई भी व्यक्ति आनलाईन पंजीकरण कर सुविधा का लाभ ले सकता है। उन्होंने बताया कि जब किसी व्यक्ति के पास आधार कार्ड या पहचान पत्र भी नही होता तो वह व्यक्ति जन्म प्रमाण पत्र का प्रयोग कर दस्तावेज के रूप में काम ले सकता है। दून ने बताया कि केन्द्र सरकार के अधिनियम 1996 के तहत हर व्यक्ति का जन्म प्रमाण या फिर उसकी मृत्यु के बाद मृत्यु प्रमाण पत्र होना जरूरी है। बच्चे के जन्म के 21 दिनों के अन्दर- अन्दर जन्म प्रमाण पत्र के लिए व्यक्ति आवेदन कर सकता है। उसके बाद बहुत कम समय में बन जाता है। आनलाईन करने के लिए माता- पिता का आधार कार्ड, पहचान पत्र, राशन कार्ड, वैवाहिक प्रमाण पत्र, पासपोर्ट साईज फोटो बच्चे का, मोबाईल नम्बर, जन्म तिथि, जन्म होने के स्थान का प्रमाण पत्र, शपथ पत्र होना जरूरी है। उन्होंने लोगों से सरकार की घर बैठे सुविधा का लाभ लेने का आह्वान किया।