गुरुग्राम में स्वतंत्रता सेनानियों के सम्मान में निकाली गई यात्रा
-स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी समिति गुरुग्राम की ओर से यात्रा में लहराए तिरंगे
-नवीन गोयल ने किया स्वतंत्रता सेनानियोंं के परिवारों व शहीदों के परिवारों को सम्मानित
गुरुग्राम, 06 अगस्त। शनिवार को शहर में स्वतंंत्रता सेनानियों के सम्मान में स्वतंत्रता सेनानी सम्मान यात्रा निकाली गई। इस यात्रा में शामिल लोगों ने स्वतंत्रता सेनानियों की तस्वीरें भी ले रखीं थी। स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी समिति गुरुग्राम की ओर से निकाली गई यात्रा में कैनविन फाउंडेशन के सह-संस्थापक नवीन गोयल भी शामिल हुए।
सिविल लाइन स्थित स्वतन्त्रता सेनानी भवन से यह यात्रा प्रारम्भ हुई। इससे पूर्व अपने वक्तव्य में नवीन गोयल ने स्वतंत्रता सेनानियों के परिवारों एवं शहीदों के परिवारों को सम्मानित किया। अपने संबोधन में श्री गोयल ने कहा कि भारत की आजादी में सुभाषचंद्र बोस, शहीद-ए-आजम सरदार भगत सिंह जैसी महान विभूतियों ने अपना सर्वस्व न्योछावर किया है। उनके अलावा देश में अनेकों ऐसे ज्ञात और अज्ञात स्वतंत्रता सेनानी भी हैं, जिन्होंने अपने जीवन का लक्ष्य देश की आजादी बनाया था और आजादी के आंदोलन में वे कूदे थे। ऐसे महान सेनानियों का, उनके बलिदान के प्रति देश सदैव कृतज्ञ रहेगा।
उन्होंने यह भी कहा कि इस साल हम आजादी का अमृत महोत्सव मना रहे हैं। आजादी के 75 साल पूरे हो रहे हैं। देश के सैनिकों, शहीदों, स्वतंत्रता सेनानियों के साथ मां भारती के सम्मान में देशभर में घर-घर तिरंगा मुहिम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुरू की है। आने वाली 13 से 15 अगस्त तक हम सबको अपने घरोंं, कार्यालयों में तिरंगा जरूर लगाएं। यह हमारी आन-बान और शान का प्रतीक है। इसी तिरंगे के नीचे हमारा मान-सम्मान है। यही हमारा स्वाभिमान है। इस अवसर पर कपूर सिंह दलाल, सूबेदार विजेंद्र ठाकरान, देशराज राघव, अत्तर सिंह संधू, सतीश चौहान, अलका दलाल, बृजमोहन गोयल, कविता सांगवान, सुनीता कटारिया, गगन गोयल, मनजीत, दीपक बेनीवाल, पुष्पा धनकड़, बलराज अहलावत व अन्य गणमान्य जन उपस्थित रहे।