दिल्ली

आम आदमी पार्टी ने भाजपा मुख्यालय पर किया प्रदर्शन

नई दिल्ली, 27 अगस्त। आम आदमी पार्टी (आप) ने दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के घर पर सीबीआई रेड के विरोध में शनिवार को भाजपा मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। पार्टी ने सवाल किया कि भाजपा बताए कि सिसोदिया के घर पर सीबीआई की 14 घंटों की रेड में क्या मिला है। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि रेड को 10 दिन हो गए लेकिन भाजपा अब तक नहीं बता पाई है कि आखिर जांच में मिला क्या है।

प्रदर्शन में दुर्गेश पाठक, संजीव झा, कुलदीप कुमार समेत कई ‘आप’ विधायक मौजूद रहे। आम आदमी पार्टी से आजादपुर मंडी के चेयरमैन आदिल अहमद खान समेत सैंकड़ों ‘आप’ कार्यकर्ता प्रदर्शन का हिस्सा बने। सभी ‘आप’ मुख्यालय से प्रदर्शन की शुरुआत करते हुए भाजपा मुख्यालय पर पहुंचे जहां भाजपा के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।

आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता, राजेंद्र नगर के विधायक एवं एमसीडी प्रभारी दुर्गेश पाठक ने प्रदर्शन को संबोधित करते हुए कहा कि आज यहां पूरी दिल्ली की जनता आम आदमी पार्टी के समर्थन में इकट्ठा हुई है। सभी लोग प्रधानमंत्री मोदी की भाजपा से जवाब मांगने आए हैं कि आज से 10 दिन पहले दिल्ली के उप मुख्यमंत्री और दुनिया के सबसे शानदार शिक्षा मंत्री पर इन्होंने सीबीआई रेड कराई लेकिन यह नहीं बता पाए हैं कि रेड में मिला क्या है।

उनके घर पर 14 घंटों तक रेड चली, घर का एक-एक कोना छान मारा। यहां तक कि राशन के डिब्बों में तक हाथ डाल-डालकर जांच की गई। कंप्यूटर-फोन-फाइलें सब उठा ले गए। उनके गांव वाले घर में भी छापा पड़ा जहां जमीन खोदकर, दीवारों को तोड़कर जांच की गई लेकिन आज 10 दिनों बाद भी भाजपा यह नहीं बता पाई है कि रेड में क्या मिला है।

उन्होंने कहा कि हम जैसे ही पूछते हैं कि रेड में क्या मिला, भाजपा वाले भाग खड़े होते हैं। देश के इतिहास में पहली बार एक ईमानदार पार्टी आई है। पहले जब किसी सरकार के खिलाफ आरोप लगते थे तो वह कहते थे कि हमें किसी भी तरह से बचा लो जबकि आम आदमी पार्टी उल्टा खुलकर पूछ रही है कि रेड में आखिर मिला क्या। यह अरविंद केजरीवाल की ईमानदार पार्टी है। अगर आपको लगता है कि सीबीआई, ईडी की रेड से हम डर जाएंगे तो आप बिल्कुल गलत हैं।

जबसे आम आदमी पार्टी ने गुजरात चुनाव लड़ने का फैसला लिया है, पूरी भाजपा पागल हो चुकी है। 27 सालों में इन्होंने पूरे गुजरात को खूब लूटा है। पूरे गुजरात में शराब माफिया का संगठन चलाते हैं। 22 हजार करोड़ से भी ज्यादा के ड्रग्स मिले लेकिन एक भी आदमी नहीं पकड़ा गया। जहरीली शराब में 100 से ज्यादा लोग मर गए लेकिन किसी के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई। जबसे आम आदमी पार्टी ने यह सभी प्रश्न उठाना शुरू किया, गुजरात की जनता ने सकड़ों पर उतरना शुरू कर दिया। भाजपा समझ गई है कि इनका साम्राज्य मिटने की कगार पर है इसलिए यह लोग आम आदमी पार्टी को किसी भी प्रकार से बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं।

दुर्गेश पाठक ने कहा कि भाजपा वाले चिल्ला-चिल्लाकर कहते हैं कि शराब घोटाला हो गया। जब हमने पूछा कि क्या घोटाला हुआ है तो मनोज तिवारी आकर बोले कि 8 हजार करोड़ का घोटाला हुआ है।

बुराड़ी से ‘आप’ विधायक संजीव झा ने कहा कि सीबीआई ने मनीष सिसोदिया के घर पर गद्दों को फाड़-फाड़कर जांच की लेकिन आजतक नहीं बता पाई कि आखिर उन्हें मिला क्या है। इसलिए अब यह प्रश्न हम प्रधानमंत्री मोदी से कर रहे हैं कि आप ही बता दीजिए कि सीबीआई को जांच में क्या मिला है। यदि आप यह नहीं बता पाते हैं तो यह साफ हो जाएगा कि बात भ्रष्टाचार या किसी जांच की नहीं थी। असल बात यह है कि गुजरात में आप बुरी तरह हार रहे हैं।

कोंडली से ‘आप’ विधायक कुलदीप कुमार ने कहा कि दिल्ली की जनता भाजपा से जवाब मांग रही है कि मनीष सिसोदिया जी के घर पर की गई रेड में आपको क्या मिला। देश की जनता जानना चाहती है कि जिस शिक्षा मंत्री को बदनाम करने के लिए आपने यह सब इंतजाम किया था, उनके घर से क्या मिला, इसका जवाब दीजिए।

आम आदमी पार्टी से आजादपुर मंडी के चेयरमैन आदिल अहमद खान ने कहा कि दिल्ली की जनता आम आदमी पार्टी के समर्थन में है। देश के बेहतरीन शिक्षा मंत्री जिसने लाखों बच्चों के भविष्य को संवारा है, जिसके शिक्षा मॉडल का डंका पूरी दुनिया में बोलता है, उसके घर पर सीबीआई रेड डाली जाती है। आज 10 दिन होने जा रहे हैं लेकिन भाजपा यह नहीं बता पाई है कि रेड में आखिर मिला क्या है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker