‘आप’ ने भाजपा पर लगाया विधायकों को तोड़ने का आरोप
नई दिल्ली, 25 अगस्त। आम आदमी पार्टी (आप) की विधायक आतिशी ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर ‘आप’ के विधायकों को तोड़ने का आरोप लगाते हुए कहा कि आप विधायक कहीं जाने वाले नहीं हैं।
आतिशी ने गुरुवार को मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि भाजपा दिल्ली की चुनी हुई सरकार को गिराने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि आप के कई विधायकों ने बताया कि उन्हें 20-20 करोड़ रुपये का ऑफर दिया गया था। उन्होंने कहा कि आप विधायक कहीं जाने वाले नहीं हैं। भाजपा लाख कोशिश कर ले आप को तोड़ नहीं पाएगी।
आप विधायक दिलीप पाण्डेय ने भी भाजपा पर विधायकों को तोड़ने का आरोप लगाया है। पाण्डेय का कहना है भाजपा के लोग आप के लगभग 40 विधायकों को तोड़ने की कोशिश कर रहे हैं। इसके लिए उन्होंने हर विधायक को 20 करोड़ रुपये ऑफर किए थे।
उल्लेखनीय है कि अरविंद केजरीवाल ने आज अपने विधायकों के साथ बैठक कर उनसे बातचीत की है। शुक्रवार को दिल्ली विधानसभा का एक दिवसीय विशेष सत्र भी बुलाया गया है। माना जा रहा है इस सत्र में आप पर लगे कई आरोपों पर केजरीवाल विधानसभा में अपना पक्ष रख सकते हैं। हालांकि दिल्ली भाजपा ने इस विशेष सत्र का विरोध करते हुए असंवैधानिक करार दिया है।