दिल्ली

आप ने एलजी हाउस और भाजपा ने किया राजघाट पर प्रदर्शन

नई दिल्ली, 07 जनवरी। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के सदन में शुक्रवार को हुई मारपीट एवं अन्य मुद्दों को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और आम आदमी पार्टी (आप) ने शनिवार को अलग-अलग प्रदर्शन किया।

आप ने एमसीडी की पीठासीन अधिकारी की असंवैधानिक नियुक्ति का आरोप लगाते हुए एलजी हाउस के बाहर प्रदर्शन किया। वहीं भाजपा ने मेयर चुनाव के दौरान आप पर ‘गुंडागर्दी’ का आरोप लगाते हुए राजघाट के पास विरोध प्रदर्शन किया।

भाजपा के प्रदर्शन में प्रदेश अध्यक्ष विरेन्द्र सचदेवा, विधानसभा में विपक्ष के नेता रामवीर सिंह बिधूड़ी, सांसद, विधायक और पार्षद शामिल हुए। प्रदेश अध्यक्ष विरेन्द्र सचदेवा ने कहा कि आप गुंडों की पार्टी है। जिस तरह से आप नेताओं ने निगम के सदन में गुंडागर्दी की वो बिल्कुल निंदनीय है। आप की ये गुंडागर्दी नहीं चलेगी।

रामबीर सिंह बिधूड़ी ने कहा कि आप के पार्षदों ने नगर निगम में लोकतांत्रिक और संवैधानिक परंपराओं की हत्या की है। महिला पीठासीन अधिकारी से गुंडागर्दी की है। इस दौरान भाजपा के नेताओं ने सिर पर काली पट्टी बांधी हुई थी और हाथों में तख्तियां ली हुई थी। इस पर लिखा था कि आम आदमी पार्टी संवैधानिक व्यवस्था को तोड़ना बंद करो।

वहीं आप के प्रदर्शन में पार्टी नेता आतिशि सिंह सहित विधायकों और पार्षदों ने भाग लिया। आतिशि ने कहा कि उपराज्यपाल को संविधान की हत्या करना बंद करनी चाहिए। वे असवैंधानिक रूप से पीठासीन अधिकारी नियुक्त करते हैं। मनोनीत पार्षदों को पहले शपथ दिलाकर वोटिंग करवाने की कोशिश करते हैं। वे संवैधानिक पद पर बैठे हैं वो संविधान की रक्षा करें और भाजपा की रक्षा करना बंद करें। प्रदर्शन को आप नेता सोमनाथ भारती ने भी संबोधित किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker