आप सरकार ने दिल्ली विधानसभा में हासिल किया विश्वास मत
नई दिल्ली, 01 सितंबर। आम आदमी पार्टी (आप) ने गुरुवार को दिल्ली विधानसभा में विश्वास मत हासिल कर लिया। विश्वास मत प्रस्ताव के पक्ष में 58 वोट पड़े, जबकि विरोध में कोई भी विधायक खड़ा ही नहीं हुआ। जिसके बाद वोटों के आधार पर विश्वास प्रस्ताव पारित कर दिया गया।
इस दौरान विधानसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि आम आदमी पार्टी (आप) के सारे विधायक पार्टी के साथ हैं। दिल्ली ने ऑपरेशन लोटस को विफल कर दिया है। केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली की चुनी हुई सरकार को गिराने की साजिश और “ऑपरेशन लोटस” अब फेल हो चुका है। आप सरकार ने विश्वास मत हासिल कर लिया है।
उल्लेखनीय है कि आज सदन में मौजूद आम आदमी पार्टी (आप) के सभी विधायकों ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल द्वारा पेश प्रस्ताव के पक्ष में वोट किया। इस प्रस्ताव के विरोध में कोई वोट नहीं पड़ा क्योंकि भाजपा के सदन में मौजूद तीन विधायकों विजेंद्र गुप्ता, अभय वर्मा व मोहन सिंह बिष्ट को मतदान के पहले ही सदन से बाहर कर दिया।