नई दिल्ली
बाहरी उत्तरी जिले के अलीपुर इलाके में बीती रात एक शादी समारोह में आपसी रंजिश में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित की पहचान संजय के रूप में हुई है। आरोपित के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल पिस्टल और कारतूस व कारतूस के खोल भी जब्त कर लिये हैं। सूत्रों की मानें तो पिस्टल आरोपित की लाईसेंसिंग की थी।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि रविवार रात दस बजकर आठ मिनट पर अलीपुर थाना पुलिस को एक पीसीआर कॉल मिली थी। कॉलर ने बताया कि उसके बेटे सुनील चौहान को पल्ला गांव पार्वती चौक पर शिव वाटिका में गोली मार दी है। पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही बैंक वाली गली, गांव पल्ला, अलीपुर में रहने वाले घायल सुनील चौहान को उसके दोस्त शालीमार बाग स्थित मैक्स अस्पताल ले जा चुके थे। जहां डॉक्टरों ने उपचार के बीच सुनील को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर बाबू जगजीवन राम अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस को पूछताछ करने पर पता चला कि रात को सुनील चौहान अपने कुछ दोस्तों के साथ गांव पल्ला स्थित आश्रम वाटिका गया था। जिसमें आरोपित संजय भी पार्टी में शामिल हुआ था। दोनों ने दोस्तों के साथ शराब पी थी। संजय जब डांस कर रहा था। उसने पिस्टल को लहराते हुए सुनील की तरफ कुछ अपमानजनक टिप्पणी की थी। जिसको लेकर दोनों में वहीं पर बहसबाजी व हाथापाई हो गई।
बताया जा रहा है कि संजय ने वाटिका में पहले करीब तीन हवा में गोली चलाई। जब सुनील पार्टी से बाहर निकल रहा था तभी आरोपित ने आकर उसके सीने के नीचे उसके शरीर के बाएं हिस्से में गोली मार दी। उस समय भी तीन से चार गोली संजय ने चलाई थी। गोली की आवाज सुनकर मौके पर हड़कंप मच गया। सुनील खून से लथपथ हालत में जमीन पर गिर गया था। पता चला कि छह सात महीने पहले दोनों में किसी बात को लेकर नोंकझोंक हो गई थी। उस समय कोर्ट में मामला सुलझ भी गया था। पुलिस ने वारदात के बाद आरोपित संजय को गिरफ्तार कर लिया।