कृषि मंत्री मंगलवार को करेंगे सांसदों के दोपहर भोज की मेजबानी, परोसे जायेंगे मोटे अनाज के व्यंजन
नई दिल्ली, 19 दिसंबर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की विशेष पहल ‘मोटा अनाज वर्ष’ को चिह्नित करने के लिए केंद्रीय कृषि मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर मंगलवार को लोकसभा और राज्यसभा सांसदों के लिए विशेष ‘केवल कदन्न’ दोपहर के भोजन की मेजबानी करेंगे।
सूत्रों के अनुसार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भी दोपहर के भोजन में सम्मिलित होंगे। इसमें ज्वार, बाजरा और रागी से बने भोजन परोसे जाएंगे। इसमें रागी से बनी रोटी, इडली, डोसा परोसे जाएंगे। इसके लिए कर्नाटक से एक विशेष शेफ को बुलाया गया है। रागी और ज्वार और बाजरा खाने की संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए संसद सदस्यों को इनसे बना भोजन परोसा जाएगा।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2023 को ‘अंतरराष्ट्रीय मोटा अनाज वर्ष’ घोषित किया गया है। मार्च 2021 में संयुक्त राष्ट्र महासभा ने भारत की ओर से पेश इससे जुड़े प्रस्ताव को सर्वसम्मति से स्वीकार कर लिया था। इस प्रस्ताव का 70 से अधिक देशों ने समर्थन किया था। इसका उद्देश्य बदलती जलवायु परिस्थितियों में मोटे अनाज के पोषण और स्वास्थ्य लाभ और इसकी खेती के लिए उपयुक्तता के बारे में जागरूकता बढ़ाना है। मोटे अनाज या कदन्न में ज्वार, बाजरा, रागी, कंगनी, कुटकी, कोदो और सावां आदि शामिल हैं।