एआईएफएफ अध्यक्ष ने की केन्द्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से मुलाकात, फीफा अंडर-17 महिला विश्व कप में आने का दिया निमंत्रण
नई दिल्ली, 08 अक्टूबर। अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (एआईएफएफ) के अध्यक्ष कल्याण चौबे ने आज केन्द्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से मुलाकात कर उन्हें भुवनेश्वर में होने वाले फीफा अंडर-17 महिला विश्व कप में आने का निमंत्रण दिया। प्रधान ने ट्वीट कर उक्त जानकारी दी।
प्रधान ने ट्वीट किया,” अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ के अध्यक्ष कल्याण चौबे से मिलकर खुशी हुई। इंडियन गोलकीपर ऑफ द ईयर पुरस्कार के विजेता, श्री चौबे का एक फुटबॉलर के रूप में एक शानदार करियर था। यह बहुत गर्व की बात है कि भारत का एक पूर्व खिलाड़ी इंडियन फुटबॉल के शीर्ष पर है।”
उन्होंने आगे लिखा, ”धन्यवाद, कल्याण चौबे जी, जिन्होंने मुझे टीम इंडिया के लिए जयकार करने के लिए आमंत्रित किया, क्योंकि हमारी लड़कियां भुवनेश्वर में फीफा-अंडर- 17 विश्व कप अभियान शुरू कर रही हैं। श्री चौबे को एक उपयोगी कार्यकाल और बेहद सफल अंडर- 17 महिला विश्व कप के लिए मेरी शुभकामनाएं।”
उन्होंने आगे लिखा,” भारत सरकार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सभी स्तरों पर खेलों को प्रोत्साहित करने और भारत को एक शीर्ष खेल राष्ट्र में बदलने के लिए प्रतिबद्ध है। भारत में अंडर- 17 महिला विश्व कप जमीनी स्तर पर खेलों को बढ़ावा देने और लड़कियों की भागीदारी बढ़ाने की दिशा में एक बड़ा कदम है।”
एक अन्य ट्वीट में उन्होंने कहा, ”मुझे यकीन है कि भारत में अंडर-17 महिला विश्व कप टूर्नामेंट खेलों को बढ़ावा देने, महिलाओं को खेलों में प्रोत्साहित करने, युवाओं का जश्न मनाने और नई पीढ़ी के खिलाड़ियों को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दृष्टिकोण के अनुसार प्रेरित करने में एक स्थायी विरासत छोड़ जाएगा।”
गौरतलब है कि फीफा अंडर-17 महिला विश्व कप का आयोजन 11 से 30 अक्टूबर तक भारत के तीन शहरों भुवनेश्वर, मडगांव (गोवा) और नवी मुंबई में किया जाएगा।