राष्ट्रीय

कोहरे के कारण जबलपुर एयरपोर्ट पर नहीं उतर सका विमान, बनारस में कराई आपात लैंडिंग

जबलपुर, 03 जनवरी। दिल्ली से उड़ा एक विमान घने कोहरे के कारण जबलपुर के डुमना एयरपोर्ट पर लैंड नहीं कर सका। विमान की बनारस में आपात लैंडिंग करानी पड़ी। इस वजह से यात्री बनारस में उतरे। पांच घंटे बाद मौसम साफ होने पर विमान डुमना एयरपोर्ट पर आया। इस दौरान मुंबई के लिए जाने वाले यात्री डुमना एयरपोर्ट पर परेशान हुए। उन्हें भी लगभग पांच घंटे की देरी से विमान लेकर मुंबई के लिए रवाना हुआ।

विमानन कंपनी स्पाइस जेट की प्रतिनिधि पुष्पा रे ने मंगलवार को बताया कि विमान घने कोहरे की वजह से जबलपुर में लैंड नहीं कर पाया, जिसे बनारस में लैंड करवाया गया। बनारस से अपराह्न 3.40 बजे विमान जबलपुर पहुंचा। विमान में 87 यात्री सवार थे। इसके बाद यह विमान शाम 04 बजे मुंबई के लिए उड़ा।

स्पाइस जेट की जबलपुर आने वाला फ्लाइट ने मंगलवार को सुबह 10.15 बजे दिल्ली से उड़ान भरी थी। विमान को करीब 11.30 बजे जबलपुर में लैंड करना था, लेकिन खराब मौसम की वजह से पायलट को रनवे पर विजिबलिटी नहीं मिल रही थी। इस कारण एटीसी से भी लैंडिंग क्लीयरेंस नहीं मिला। ऐसे में विमान ने तीन चक्कर लगाने के बाद बनारस की तरफ रुख कर लिया। विमान में 87 यात्री थे। सभी को बनारस एयरपोर्ट पर उतारा गया। काफी देर तक इंतजार करने के बाद जब जबलपुर एयरपोर्ट के आसपास का मौसम साफ हुआ तो विमान ने बनारस से उड़ान भरी और करीब 3.40 बजे जबलपुर पहुंचा।

स्पाइस जेट का यह विमान जबलपुर से मुंबई के लिए उड़ान भरता है। मुंबई जाने वाले यात्री भी पूर्वाह्न 11 बजे तक एयरपोर्ट पहुंच चुके थे। उन्हें बताया गया कि कुछ देर में विमान आने वाला है, लेकिन कई घंटे बीत गए। बनारस से विमान जबलपुर आया तो मुंबई के यात्रियों को उसमें बिठाया गया। करीब शाम 04 बजे विमान ने मुंबई के लिए उड़ान भरी। विमानन कंपनी का कहना है कि यात्री घर से निकलते वक्त एक बार विमानन कंपनी के काल सेंटर पर विमान का शेड्यूल जरूर पता कर लें, ताकि उन्हें एयरपोर्ट में किसी तरह की असुविधा का सामना न करना पड़े।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker