चेतना प्रवाह पत्रिका के विशेषांक “अखंड भारत” का हुआ लोकार्पण
वाराणसी, 17 अगस्त। शहर के लंका स्थित विश्व संवाद केंद्र काशी कार्यालय पर बुधवार को जागरण पत्रिका चेतना प्रवाह के विशेषांक अखंड भारत का लोकार्पण किया गया। लोकार्पण राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पूर्वी उत्तर प्रदेश के क्षेत्र कार्यवाह डाॅ. वीरेन्द्र जायसवाल और काशी प्रांत के प्रचारक रमेश ने किया।
इस अवसर पर डाॅ. वीरेन्द्र ने पत्रिका के विशेषांक की विषय वस्तु को सराहा। उन्होंने कहा कि इससे अखंड भारत की संकल्पना को समाज में प्रसारित होने में सहायता मिलेगी। आजादी के अमृत महोत्सव पर यह प्रकाशन सराहनीय है। प्रांत प्रचारक रमेश ने कहा कि राष्ट्रहित में सामाजिक चेतना का जागरण करना ही पत्रिका का मुख्य उद्देश्य है।
पत्रिका के प्रधान संपादक प्रो. ओम प्रकाश सिंह ने प्रस्तावना रखते हुए कहा कि समाज प्रतिवर्ष 14 अगस्त को अखंड भारत दिवस के रूप में मनाता है। 1947 में विभाजित भारत फिर से अखंड होगा। यही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का विचार दर्शन है। पत्रिका के प्रमुख नागेन्द्र द्विवेदी ने कहा कि चेतना प्रवाह का अखंड भारत विशेषांक एक ऐतिहासिक धरोहर है। इसको हमें समाज के बीच प्रचारित-प्रसारित करना है। कार्यक्रम की अध्यक्षता डाॅ. हरेन्द्र राय और संचालन प्रदीप कुमार ने किया।