उत्तर प्रदेश

अमृत महोत्सव भाजपा का दिखावा : अखिलेश यादव

लखनऊ, 11 अगस्त। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गुरुवार को अपने बयान में कहा है कि मुख्यमंत्री की कथित जीरो टॉलरेंस नीति सिर्फ जुमला बनकर रह गयी है। उत्तर प्रदेश में हर विभाग भ्रष्टाचार में संलिप्त है और पुलिस उत्पीड़न करने में लगी है। आजादी के 75 वर्ष पर आयोजित अमृत महोत्सव भाजपा का दिखावा मात्र है।

भाजपा की दागदार सरकार में धांधली का साम्राज्य है। प्रदेश में पीडब्लूडी, स्वास्थ्य और शिक्षा विभाग के तबादलों में पूरी धंधेबाजी नजर आई। जांच के नाम पर कुछ ठोस परिणाम नहीं आये। घपला, घोटाला करने वाले अपनी अपनी कुर्सियों पर जमे हैं। मुख्यमंत्री रिपोर्ट मांग लेते हैं, अफसर उस पर कुण्डली मार कर बैठ जाते हैं।

पुलिस की उत्पीड़न की कार्यवाहियां जारी हैं, मुख्यमंत्री अब इस सबसे बेखबर बन गये हैं क्योंकि उनका कोई नियंत्रण गृह विभाग पर नहीं रह गया है। मैनपुरी में पुलिस पिटाई से परेशान होकर एक युवक ने जान दे दी। खुद पुलिस वाले भी अपने विभाग में शिकार बन जाते हैं। एक पुलिस वाला रो-रोकर बता रहा है कि उसे इतना खराब खाना दिया जा रहा है जिसे जानवर भी न खाए। वह कहता है कि अफसर सुनते नहीं, वह किससे शिकायत करे। अमृत महोत्सव में वह भूखोत्सव मनाने को विवश है।

अखिलेश ने कहा कि अमृत महोत्सव के नाम पर राष्ट्र भक्ति का उपदेश देने वाले आरएसएस-भाजपा नेताओं ने चूंकि कभी राष्ट्रध्वज का सम्मान नहीं किया इसलिए आज भी वे उसका अपमान करने से नहीं चूक रहे हैं। कहीं-कहीं तो तिरंगा यात्रा को भाजपाइयों ने दंगा यात्रा बना दिया है, तो इटावा में भाजपा नेताओं ने दिखा दिया कि उन्हें सीधा तिरंगा पकड़ना भी नहीं आता है। घर-घर उल्टा तिरंगा बांटा जा रहा है। भाजपा कार्यालयों में झण्डा बिक्री की दुकानें खुल गई हैं। स्कूलों में बच्चों से, दफ्तर के कर्मचारियों से झण्डा खरीद के लिए वसूली की जा रही है।

भाजपाई राष्ट्रवाद के नाम पर केवल अपना स्वार्थवाद ही पूरा करना जानते हैं। उनके लिए लोकतंत्र केवल कहने-सुनने को है। अमृत महोत्सव को जनजीवन के उत्साह से जोड़ने की जगह भाजपाई रंग देने का प्रयास देश के लिए मर मिटने वाले शहीदों का अपमान है। भाजपा के इस खेल को जनता नापसंद करती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker