उत्तर प्रदेश

महापौर के कूलर से चैन की नींद सोयेगा प्राणि उद्यान का बब्बर शेर

कानपुर, 09 जुलाई। जुलाई माह होने के बाद भी कानपुर में बारिश नहीं हो रही है। इससे मनुष्यों से लेकर जीव जन्तु भी परेशान हैं। इसको देखते हुए महापौर प्रमिला पाण्डेय ने प्राणि उद्यान के बब्बर शेर के लिए जम्बो कूलर उपलब्ध करा दिया है, जिससे अब बब्बर शेर चैन की नींद सोयेगा।

मानसून की ट्रफ रेखा राजस्थान और मध्य प्रदेश में होने के चलते कानपुर परिक्षेत्र में मानसून पूरी तरह से कमजोर पड़ गया। इससे बारिश न होने के चलते 37 डिग्री का तापमान उमस भरी गर्मी होने से 42 डिग्री सेल्सियस तापमान का एहसास हो रहा है। भीषण उमस भरी गर्मी से जहां लोग परेशान हैं तो वहीं जीव जन्तु भी व्याकुल हैं। इसको देखते हुए महापौर प्रमिला पाण्डेय और पार्षद मनोज राठौर ने नेक पहल करते हुए कानपुर प्राणि उद्यान के बब्बर शेर के लिए एक जम्बो कूलर प्रदान कर दिया।

महापौर ने कहा कि बब्बर शेर देश की शान है और हमारे कानपुर शहर में भीषण उमस भरी गर्मी से बब्बर शेर परेशान हो यह कतई उचित नहीं है। इसीलिए प्राणि उद्यान प्रशासन को कूलर भेंट किया गया है। क्षेत्रीय वन अधिकारी ने शहरवासियों से अपील की कि इस प्रकार वन्य जीवों की सहायता के लिए आगे आएं और सहायता करें। इस दौरान क्षेत्रीय वन अधिकारी दिलीप कुमार गुप्ता, विनोद कुमार, समीर सिंह सेंगर आदि मौजूद रहें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker