उत्तर प्रदेश

प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर सेवा पखवाड़ा का शुभारम्भ करेगी भाजपा

– बूथ स्तर के कार्यकर्ता से लेकर केंद्रीय मंत्री होंगे शामिल

– मुख्यमंत्री योगी करेंगे नमो प्रदर्शनी का उद्घाटन

लखनऊ, 16 सितंबर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से भाजपा सेवा पखवाड़े का शुभारम्भ करेगी। सेवा पखवाड़े के अन्तर्गत पार्टी 17 सितंबर से 02 अक्टूबर गांधी जयंती तक विविध कार्यक्रमों का आयोजन करेगी। इन कार्यक्रमों में बूथ स्तर के कार्यकर्ता से लेकर पार्टी के जनप्रतिनिधि एवं केंद्रीय मंत्री शामिल होंगे। यह जानकारी भाजपा के प्रदेश महामंत्री गोविन्द नारायण शुक्ला ने दी है।

महामंत्री शुक्ला ने शुक्रवार को प्रदेश कार्यालय में पत्रकार वार्ता में बताया कि नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन पर 17 सितंबर को प्रदेश के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर भाजयुमो द्वारा रक्तदान शिविर लगाया जाएगा। वहीं 18 सितंबर को जिला स्तर पर निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर एवं स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया जाएगा। 19 सितंबर को प्रधानमंत्री मोदी के व्यक्तित्व पर नमो प्रदर्शनी लगायी जाएगी।

उन्होंने बताया कि लखनऊ में इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में लगने वाली प्रदर्शनी का उद्घाटन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे। वहीं नगर निगम लखनऊ द्वारा लगायी जाने वाली प्रदर्शनी का उद्घाटन उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक करेंगे। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य उन्नाव में नमो प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे।

सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत 20 सितंबर को भाजपा कार्यकर्ता मण्डल, नगर पालिका व वार्ड स्तर पर स्वच्छता अभियान चलाएगें। इसमें सांसद, विधायक, नगर पालिका के चेयरमैन, महापौर एवं सभासद शामिल होंगे। प्रदेश में सभी निर्माणाधीन अमृतसरोवरों पर 21 सितंबर को स्वच्छता अभियान के साथ श्रमदान किया जाएगा। मण्डल एवं ग्राम स्तर तक 22 सितंबर को जल ही जीवन के मंत्र के साथ लोगों को जल संरक्षण के बारे में जागरूक किया जाएगा। भाजपा 23 सितंबर को वोकल फॉर लोकल कार्यक्रम का आयोजन करेगी। इसमें एक जनपद एक उत्पाद की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। भाजपा कार्यकर्ता इस प्रदर्शनी में लोकल उत्पादों की खरीदारी करेंगे और उसकी फोटो सोशल मीडिया पर डालेंगे।

सभी जिलों में लगेंगे कृत्रिम अंग वितरण शिविर

सेवा पखवाड़ा के तहत 24 सितंबर को सभी प्रशासनिक जिलों में कृतिम अंग उपकरणों के वितरण के लिए शिविर लगाए जाएंगे जहां पर दिव्यांगों को कृत्रिम अंग प्रदान किए जाएंगे।

बूथस्तर पर मनाई जायेगी पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती

भाजपा के प्रदेश महामंत्री अनूप गुप्ता ने बताया कि पं. दीनदयाल उपाध्याय की जयंती 25 सितंबर को प्रदेश के सभी बूथों पर मनाई जाएगी। भाजपा कार्यकर्ता पहले अपने बूथ पर सामूहिक रूप से मोदी के मन की बात सुनेंगे और इसके बाद पं. दीनदयाल उपाध्याय को पुष्पाजंलि अर्पित कर उनके व्यक्तित्व व कृतित्व पर चर्चा करेंगे। 26 सितंबर को ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत‘ का संदेश देते हुए जिला स्तर पर ‘विविधता में एकता‘ कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।

अनूप गुप्ता ने बताया कि भाजपा के पदाधिकारी 27 सितंबर को प्रदेश के विशिष्ट लोगों के पास जाकर प्रधानमंत्री को शुभकामना संदेश भेजने का आग्रह करेंगे। 27 सितंबर को ही बूथ स्तर पर लाभार्थियों से सम्पर्क का कार्यक्रम रखा गया है। इसके तहत केंद्र सरकार के लाभार्थियों से बात कर उनका मोदी के बारे में क्या कहन है इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाला जाएगा। सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत सभी प्रशासनिक जिलों में 28 सितंबर को प्रबुद्धजन सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। गांधी जयंती 02 अक्टूबर के दिन खादी की खरीद एवं जागरुकता अभियान चलाकर सभी कार्यकर्ता स्वदेशी, खादी, स्वाबलम्बन, सादगी एवं स्वच्छता के बारे में जागरुकता अभियान चलाएंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker